रायपुर निगम आयुक्त का सख्त निर्देश: 77 दिन में लक्ष्य के अनुसार करें राजस्व वसूली, बड़े बकायेदारों पर होगी कुर्की
त्वरित ख़बरें - रायपुर ब्यूरों प्रमुख प्रिया शर्मा

रायपुर ,नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने साप्ताहिक टीएल समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम के सभी 10 जोनों का राजस्व अमला 77 दिनों के विशेष अभियान के तहत तय दैनिक लक्ष्य के अनुसार राजस्व वसूली सुनिश्चित करे और निगम हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।

आयुक्त ने बड़े बकायेदारों से बकाया वसूली के लिए नियमानुसार कुर्की और सीलिंग जैसी कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में नगर निवेश विभाग के अधिकारियों को सड़कों पर बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सी एंड डी वेस्ट (Construction & Demolition Waste) नियमों के तहत कार्रवाई कर जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि यातायात और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित न हो।

बरसात के मौसम को देखते हुए आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों को जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे भविष्य में बारिश के दौरान उन्हीं स्थानों पर दोबारा जलभराव की समस्या न हो।

इसके अलावा, सीएम हेल्पलाइन में लंबित सभी आवेदनों का समयबद्ध और तथ्यात्मक निराकरण कर त्वरित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

आयुक्त संबित मिश्रा ने प्लेसमेंट के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मचारियों का लंबित वेतन शीघ्र जारी करने और भविष्य में वेतन भुगतान लंबित नहीं रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश सभी जोन कमिश्नरों को दिए।

नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन में आयोजित इस समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के. शर्मा, विनोद पाण्डेय, कृष्णा खटीक, मुख्य अभियंता संजय बागड़े, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, इमरान खान सहित उपायुक्त, जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations