राजधानी, रायपुर में आपातकालीन सेवा डायल-112 की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने के बाद एक आरक्षक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। सिटी सेंटर मॉल के पास हुए सड़क हादसे की सूचना मिलने के बावजूद मौके पर समय पर नहीं पहुंचने पर डायल-112 में पदस्थ आरक्षक को निलंबित कर दिया गया है।
मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना की जांच कराई। जांच में प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद भी संबंधित आरक्षक ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर घटनास्थल पर पहुंचने में लापरवाही बरती। इस कारण घायल को समय पर सहायता मिलने में देरी हुई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी ने संबंधित आरक्षक के खिलाफ तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डायल-112 जैसी आपातकालीन सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम नागरिकों की सुरक्षा और त्वरित सहायता सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी यदि किसी कर्मचारी द्वारा ड्यूटी के दौरान लापरवाही या अनुशासनहीनता बरती जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को आपातकालीन सेवाओं की जवाबदेही और कार्यक्षमता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Facebook Conversations