रायपुर। राजधानी रायपुर में टीम प्रहरी अभियान के तहत नगर निगम और यातायात पुलिस ने टिकरापारा स्थित पुजारी पार्क के पास मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान सड़क पर अवैध रूप से लगाए गए करीब 6 ठेलों को हटाया गया, वहीं 13 दुकानदारों पर सड़क पर सामान रखकर यातायात बाधित करने के आरोप में कुल ₹12 हजार का ई-चालान किया गया।
यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश तथा नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर की गई। नगर निगम मुख्यालय के नगर निवेश उड़नदस्ता और नगर निगम जोन-6 के नगर निवेश विभाग ने यातायात पुलिस की मौजूदगी में अभियान चलाया।
जोन-6 के जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव के मार्गदर्शन में कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा, सहायक अभियंता आशीष श्रीवास्तव और उपअभियंता सागर ठाकुर की उपस्थिति में पुजारी पार्क, टिकरापारा के मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाकर सड़क को कब्जा मुक्त कराया गया।
कार्रवाई के दौरान दुकानदारों को भविष्य में सड़क पर सामान नहीं रखने की सख्त चेतावनी दी गई। साथ ही यातायात को सुगम बनाने और नागरिकों से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से अभियान चलाया गया।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण और सड़क पर सामान रखने वालों के खिलाफ आगे भी नियमित कार्रवाई जारी रहेगी।

Facebook Conversations