रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गोलबाजार पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 जून 2026 की शाम थाना गोलबाजार की टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मोतीबाग चौक स्थित यूनियन क्लब के सामने एक महिला की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई।
तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से एक सफेद रंग के थैले में रखा 1 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान अफसाना बी उर्फ गुड़िया (38 वर्ष), निवासी मोतीबाग चौक, थाना गोलबाजार, रायपुर के रूप में बताई।
पुलिस ने आरोपी महिला के विरुद्ध थाना गोलबाजार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला पहले भी आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में आरोपी रह चुकी है। पुलिस उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया शुरू कर रही है। साथ ही उसके विरुद्ध PIT-NDPS Act के तहत निरोधात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव भी तैयार किया जाएगा।
पुलिस अब आरोपी से गांजा खरीदने-बेचने के नेटवर्क, आपूर्ति श्रृंखला और इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि इस कार्रवाई में थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी, सहायक उपनिरीक्षक मुकेश यादव, रक्षक संदीप सिंह तथा परिवीक्षाधीन उपनिरीक्षक रितु टेकाम, सुनील कुजूर और भास्कर पांडे सहित थाना गोलबाजार पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Facebook Conversations