रायपुर ग्रामीण पुलिस का एक्शन: 5 बाइक चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार
त्वरित ख़बरें - रायपुर ब्यूरों प्रमुख प्रिया शर्मा

रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक सहित कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 5 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, अभनपुर थाना क्षेत्र निवासी रोशन साहू ने अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देश पर अभनपुर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी आकाश लहरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथी संदीप कुमार सिंह और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक के साथ मिलकर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने अभनपुर क्षेत्र से 4 और राखी थाना क्षेत्र से 1 सहित कुल 5 दोपहिया वाहन चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर सभी वाहन बरामद कर लिए।

तीनों के खिलाफ अभनपुर और राखी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations