राजनांदगांव: ‘मिशन साइबर सुरक्षा’ के तहत बड़ी कार्रवाई, 14 म्यूल बैंक खाताधारक गिरफ्तार
त्वरित खबरें / राहुल ओझा राजनंदगांव ब्यूरो प्रमुख

राजनांदगांव, 28 अप्रैल 2026। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने “मिशन साइबर सुरक्षा” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 म्यूल बैंक खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई साइबर सेल और थाना कोतवाली की संयुक्त टीम द्वारा की गई, जिसमें संगठित साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा विभिन्न बैंकों के खातों का उपयोग साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किया जा रहा था। जांच में सामने आया कि इन खातों के माध्यम से 50 लाख रुपये से अधिक का संदिग्ध लेनदेन हुआ है।

किन बैंकों के खातों का हुआ दुरुपयोग

जांच में यह भी पाया गया कि आरोपियों ने

इंडियन ओवरसीज बैंक, ICICI बैंक, कैनरा बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, एक्सिस बैंक, एसबीआई, इंडियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और पीएनबी के खातों का दुरुपयोग किया।

I4C पोर्टल से मिली जानकारी पर कार्रवाई

यह कार्रवाई भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तहत संचालित भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) से प्राप्त इनपुट के आधार पर की गई। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिले में साइबर अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इन धाराओं के तहत कार्रवाई

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 317(2), 317(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। बाद में सभी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

थाना कोतवाली में इस मामले से जुड़े कई अपराध क्रमांक (104/2025, 105/2025, 106/2025, 108/2025, 109/2025, 110/2025, 381/2025, 437/2025) दर्ज किए गए हैं।

क्या होता है म्यूल अकाउंट

पुलिस के अनुसार, म्यूल बैंक अकाउंट वह होता है जिसमें व्यक्ति अपने बैंक खाते, एटीएम, सिम या चेकबुक को दूसरों को कमीशन या लालच में देकर साइबर ठगी के लिए उपयोग करने देता है। यह कानूनन अपराध है और इसमें कड़ी सजा का प्रावधान है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

इस कार्रवाई में पुलिस ने 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें प्रमुख रूप से—

मिहीर साहू, भरत वैष्णव, शेख फैजान, कुणाल सिंह, कुमारू लाल साहू, दुकालू राम साहू, मोनिका यादव, शेख सैफूद्दीन, संगीता साहू, केजा बाई यादव, राधिका यादव, मुकेश निर्मलकर, किरण रहकवार और शेखर पसिने शामिल हैं।

पुलिस की अपील

राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि—

अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक या सिम किसी को न दें।

लालच में आकर दस्तावेज साझा करना अपराध को बढ़ावा देता है।

खाते में संदिग्ध लेनदेन होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations