राजनांदगांव ब्यूरो प्रमुख : राहुल ओझा ,के एलबी शिक्षकों में लंबे समय से लंबित मकान भत्ता एरियर्स और वेतन विसंगति को लेकर नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। इसी कड़ी में ब्लॉक के पीड़ित शिक्षकों द्वारा 18 मई 2026 को सुबह 10:30 बजे बीईओ कार्यालय राजनांदगांव पहुंचकर अपनी विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया है। शिक्षकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अपनी मांगों को मजबूती से रखने की अपील की गई है।
शिक्षकों का कहना है कि पिछले 10 से 11 महीनों से मकान भत्ता से संबंधित एरियर्स की राशि लंबित है, जिसका अब तक भुगतान नहीं किया गया है। इससे शिक्षकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से लगातार विभागीय अधिकारियों को इस विषय में अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है, जिससे शिक्षकों में असंतोष का माहौल है।
जानकारी के अनुसार जुलाई 2025 में सभी एलबी शिक्षकों की वार्षिक वेतनवृद्धि जोड़ी जानी थी। इस दौरान नए अनुपात के अनुसार मकान भत्ता जोड़ना था, लेकिन विभाग द्वारा पुराने रेशियो के आधार पर वेतन निर्धारण कर दिया गया। इसके कारण प्रत्येक एलबी शिक्षक को हर महीने लगभग 100 से 120 रुपए तक कम वेतन प्राप्त हो रहा है। शिक्षकों का कहना है कि यह त्रुटि शुरुआत में ही अधिकारियों के संज्ञान में ला दी गई थी।
शिक्षकों ने बताया कि मामले की जानकारी तत्काल बीईओ साहू जी को दी गई थी। उस समय अधिकारियों द्वारा अगले महीने से सुधार कर राशि जोड़ने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन लगभग 10 महीने बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। अब तक न तो एरियर्स का भुगतान किया गया और न ही वेतन विसंगति का स्थायी समाधान निकाला गया है।
इस मुद्दे को लेकर शालेय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष Vishnu Sharma द्वारा भी विभाग को कई बार पत्राचार किया गया। इसके अलावा मौखिक रूप से भी अधिकारियों को बार-बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। इससे शिक्षकों में नाराजगी और बढ़ गई है।
शिक्षकों का कहना है कि वे लंबे समय से धैर्यपूर्वक समस्या के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन लगातार अनदेखी होने के कारण अब उन्हें आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। 18 मई को होने वाले ज्ञापन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षकों के शामिल होने की संभावना है।
शिक्षकों ने प्रशासन से मांग की है कि लंबित मकान भत्ता एरियर्स का शीघ्र भुगतान किया जाए तथा वेतन निर्धारण में हुई त्रुटियों को सुधारकर शिक्षकों को उनका उचित अधिकार दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जा सकता है।

Facebook Conversations