राजनांदगांव। समाजसेवा और धर्मसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली श्रीमती शारदा तिवारी को 5वें राजनांदगांव रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। श्री बागेश्वर मंदिर धर्मार्थ ट्रस्ट एवं मां बमलेश्वरी देवी पदयात्री संयुक्त सेवा पंडाल द्वारा आयोजित संस्कार सेवा नवरात्रि महोत्सव के दौरान श्री बागेश्वर धाम उत्सव भवन हॉल में यह सम्मान प्रदान किया गया।
राजनांदगांव की रहने वाली शारदा तिवारी लंबे समय से सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। वे कस्तूरबा महिला मंडल, लायंस क्लब, लिनेस क्लब और मनोकामना सेवा संस्था सहित कई संगठनों के माध्यम से समाजसेवा कर रही हैं। जनप्रतिनिधि के रूप में वे दो बार पार्षद रह चुकी हैं। इसके अलावा प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं।
समारोह में अतिथियों ने उन्हें प्रतीक चिह्न, शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर आचार्य पंडित विनोद बिहारी गोस्वामी, ब्रह्माकुमारी पुष्पा बहन, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, समाजसेवी किशन खंडेलवाल और जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष नारायण कन्नौजे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, माता की आरती और छत्तीसगढ़ राज्यगीत के साथ हुई। इसके बाद पंडित विनोद बिहारी गोस्वामी ने 'नवरात्रि सेवा संस्कार' विषय पर प्रवचन दिया। उन्होंने धर्मसेवा, संस्कार, सदाचार और पदयात्रियों की सेवा का महत्व बताया।
समारोह में महिलाओं ने मां दुर्गा और मां बमलेश्वरी की आराधना में पारंपरिक वेशभूषा के साथ गरबा नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद कन्या पूजन, कन्या भोज और विशाल भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले यह सम्मान समाजसेवी डॉ. डीसी जैन, भागवताचार्य पंडित विनोद बिहारी गोस्वामी, धर्मसेवी अशोक लोहिया और महिला समूहों के माध्यम से समाजसेवा के लिए प्रसिद्ध पद्मश्री फूलबासन बाई यादव को प्रदान किया जा चुका है।

Facebook Conversations