राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा उत्पादन और बैटरी स्टोरेज तकनीक के क्षेत्र में विकसित आधुनिक परियोजना को देखने के लिए देशभर की विद्युत वितरण कंपनियों के प्रतिनिधियों ने राजनांदगांव जिले का दौरा किया। ऑल इंडिया डिस्कॉम्स एसोसिएशन (AIDA) के महानिदेशक आलोक कुमार के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने सैकी सोलर पावर प्लांट का निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने सौर ऊर्जा उत्पादन, बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम और बिजली ग्रिड से कनेक्टिविटी की तकनीक को समझा। प्लांट के अधिकारियों ने परियोजना की कार्यप्रणाली और तकनीकी विशेषताओं पर विस्तृत प्रेजेंटेशन भी दिया।
960 करोड़ की लागत से बना 100 मेगावॉट का प्लांट
राजनांदगांव जिले के डुंडेरा (टप्पा) क्षेत्र में करीब 452 एकड़ जमीन पर 960 करोड़ रुपये की लागत से यह सोलर पावर प्लांट विकसित किया गया है। इसकी उत्पादन क्षमता 100 मेगावॉट है। संयंत्र में 660 वॉट क्षमता के लगभग 2 लाख 39 हजार बाइफेशियल सोलर पैनल लगाए गए हैं। इन पैनलों से दोनों तरफ से सौर ऊर्जा प्राप्त कर बिजली उत्पादन किया जाता है।
दिए गए आंकड़ों के अनुसार, प्लांट से प्रतिदिन करीब 5 लाख यूनिट से अधिक बिजली का उत्पादन हो रहा है।
बैटरी में जमा होगी दिन की बिजली, रात में भी मिलेगा फायदा
इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम है। इसके जरिए दिन में पैदा होने वाली सौर ऊर्जा को बैटरी में संग्रहित किया जा सकता है और जरूरत के अनुसार इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे दिन में उत्पादित बिजली का उपयोग रात के समय भी करने में मदद मिलेगी।
देशभर की बिजली कंपनियों के अधिकारियों ने समझी तकनीक
AIDA के नॉलेज शेयरिंग एवं फील्ड विजिट कार्यक्रम के तहत आयोजित इस दौरे का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में अक्षय ऊर्जा और आधुनिक विद्युत अधोसंरचना के क्षेत्र में हुए नवाचारों को देश की अन्य बिजली वितरण कंपनियों तक पहुंचाना था।
प्रतिनिधिमंडल ने सोलर मॉड्यूल, बाइफेशियल पैनल, बिजली उत्पादन प्रणाली, बैटरी स्टोरेज और ग्रिड एकीकरण की व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। इस दौरान अधिकारियों के बीच तकनीकी अनुभवों और ऊर्जा प्रबंधन को लेकर चर्चा भी हुई।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता हर्ष कुमार मेश्राम, सीई ए.के. लखेरा, संजीव सिंह, अधीक्षण अभियंता शंकेश्वर कंवर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
यह परियोजना छत्तीसगढ़ में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने और सौर बिजली के बेहतर उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।


Facebook Conversations