पटरी तक दुकानें, सड़क पर पार्किंग, निगम की अनदेखी से 60 फीट चौड़ी रोड तक में चलना हुआ मुश्किल
त्वरित खबरे

भिलाई नगर निगम की अनदेखी के चलते शहर में अतिक्रमण राज जोरों पर है। हालत यह है कि यहां पटरी तक दुकानें बढ़ा लेने से लोगों का 60 फीट चौड़ी सड़क में भी चलना मुश्किल हो रहा है। निगम से कई बार शिकायत करने के बाद भी वह ध्यान नहीं दे रहा है।

हम बात कर रहे हैं नगर निगम भिलाई अंतर्गत आने वाले कैलाश नगर हाउसिंग बोर्ड रोड की। कुरुद कोहका रोड से छावनी व पावर हाउस की ओर जाने वाली सड़क का हाल बेहाल है। यह रोड 60 फीट चौड़ी है और इसके बीच में 5 फीट जगह पर एक रो में नीम व अन्य पौधे लगाए गए थे। इस सड़क के किनारे दोनों तरफ सैकड़ों की संख्या में दुकाने हैं। इनमें कुछ दुकानें विशेष कर खाने-पीने व मिठाई की दुकान पटरी तक लगाई जा रही हैं। दुकान संचालकों ने बकायदा पटरी तक निर्माण करके वहां पक्का निर्माण कर लिया है। इससे सुबह और शाम के समय जब यहां अधिक ग्राहक आते हैं तो वह अपनी गाड़ियों को सड़क पर पार्क कर देते हैं। इससे लोगों को आने-जाने तक के लिए सड़क नहीं बचती है। कई बार शिकायत के बाद निगम का अमला यहां पहुंचकर कार्रवाई करने से कतरा रहा है।

कहां गए हरेभरे पेड़?

नगर निगम ने इस सड़क में डिवाइडर की जगह एक अनूठा प्रयोग किया था। उसके द्वारा सड़क के बीचों बीच नीम, आम, बादाम जैसे छायादार पौधे लगाए गए थे। इसमें कुछ पौधे बड़े हो गए हैं और उनकी छाया से यहां दोपहर में काफी राहत होती है। जबकि जो दुकानें पटरी तक बढ़ा ली गई हैं, उनके सामने के पेड़ काट दिए गए या उखाड़ दिए गए। अब उनकी जगह लोग बीच सड़क में कार खड़ी कर दे रहे हैं।

बची हुई जगह लग रहे ठेले

पटरी तक अतिक्रमण करने के बाद भी जब दुकान संचालकों का मन नहीं भरा तो बची हुई जगह पर ठेले लगवा दिए जा रहे हैं। इन ठेलों में भी खाने पीने की चीजें मिलने से यहां खासी भीड़ रहती है। दुकान संचालक तो ठेले वालों किराया लेकर हट जाता रहा रहा है, लेकिन इनकी वजह से यहां आए दिन एक्सीडेंट भी हो रहे हैं।

की जाएगी कार्रवाई

नगर निगम भिलाई के आयुक्त प्रकाश सर्वे का कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। वह जानकारी लेगें और यदि बिना निगम की अनुमति यहां अतिक्रमण कर पटरी तक दुकाने बनाई गई हैं तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण दस्ता भेजकर इस पर कार्रवाई की जाएगी।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations