उत्तर बस्तर कांकेर, 29 अगस्त 2026। कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले के शहरी क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी देने के साथ ही सोलर प्लांट लगवाने के लिए आवेदन भी लिए जाएंगे।
इन तारीखों पर लगेंगे शिविर
जिला पंचायत सीईओ एवं योजना के नोडल अधिकारी हरेश मंडावी के अनुसार, 1 सितंबर मंगलवार को नरहरपुर के तहसील कार्यालय परिसर में शिविर लगाया जाएगा।
इसी तरह 2 सितंबर बुधवार को न्यू कम्युनिटी हॉल कांकेर और 3 सितंबर गुरुवार को नगर पंचायत चारामा में बस स्टैंड के बाजू स्थित गांधी मैदान में शिविर आयोजित होगा।
सोलर प्लांट लगवाने के इच्छुक उपभोक्ता इन शिविरों में उपस्थित होकर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
सोलर प्लांट पर मिलेगी आकर्षक सब्सिडी
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आवासीय परिसरों में सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा सब्सिडी प्रदान की जा रही है।
योजना के तहत:
- 1 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट के लिए 45 हजार रुपए की सब्सिडी।
- 2 किलोवाट क्षमता के लिए 90 हजार रुपए की सब्सिडी।
- 3 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट के लिए 1 लाख 8 हजार रुपए की सब्सिडी।
जिले के उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठाकर अपने घरों में सोलर प्लांट स्थापित करा सकते हैं। शिविरों में योजना से जुड़ी जानकारी और आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

Facebook Conversations