राजनांदगांव, 16 मार्च 2022.
कोरोना संक्रमण का ग्राफ जिले में अब शून्यता की ओर है लेकिन संक्रमण पर रोकथाम के प्रयास लगातार जारी हैं। इसी कड़ी में कोरोना महामारी से लड़ने के लिए बच्चों को भी अब सुरक्षा कवच दिया जा रहा है। केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद बुधवार को जिले में 12 से 14 साल तक के बच्चों का टीकाकरण अभियान शुरू किया गया। राजनांदगांव जिले में इस आयु वर्ग के लगभग 64,000 बच्चे हैं, जिनका कोरोना टीकाकरण किया जाना है।
इस आयु वर्ग के लिए कोरोना टीकाकरण अभियान की शुरुआत शहर के बसंतपुर क्षेत्र स्थित जिला अस्पताल से की गई। अभियान की शुरुआत में पहले दिन शाम 4 बजे तक 20 बच्चों को कोरोना टीका लगाया गया। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीएल तुलावी ने बतायाः “कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीका एक महत्वपूर्ण उपाय है। पूर्व में किए गए कोरोना टीकाकरण के परिणाम के आधार पर ही 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के प्रीकॉशनरी या बचाव डोज के लिए कोमोरबिडिटी यानी गंभीर बीमारियों से प्रभावित रहने की अनिवार्यता भी अब समाप्त कर दी गई है। इस आयु वर्ग के ऐसे लोग जिन्हें दूसरी खुराक लिए नौ महीने या 39 सप्ताह पूरे हो चुके हैं, वे अपनी तीसरी खुराक निकटतम टीकाकरण केंद्र में जाकर ले सकते हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों के टीकाकरण की भी तैयारियां पूरी कर ली हैं।“ डॉ. तुलावी ने बतायाः “जिले में 12 से 14 साल आयु वर्ग के लगभग 64,000 बच्चों को टीकाकरण के लिए चिन्हित किया गया है। अभी तक 15 से 18 साल तक के किशोरों को ही कोरोना का टीका लगाया जा रहा था। इस आयु वर्ग के किशोरों को कोवैक्सीन टीका लगाया जा रहा है।“
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. मिथिलेश चौधरी ने बतायाः “कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए जिला अस्पताल में 12 से 14 साल तक के बच्चों को टीका लगाकर अभियान शुरू किया गया। पहले दिन शाम 4 बजे तक 20 बच्चों का टीकाकरण किया गया है। इसके पश्चात ब्लाक स्तर पर टीकाकरण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इस आयु वर्ग में आ रहे लोग कोविन एप पर अपना पंजीयन करा सकते हैं। इस कार्यक्रम में 12 से 14 साल आयु वर्ग के बच्चों को हैदराबाद स्थित बायोलॉजिकल-ई कंपनी से बने कॉर्बेवैक्स टीके लगाए जाएंगे। टीकाकरण अभियान में टीके की दो डोज लगाई जानी है। पहले डोज के चार सप्ताह बाद दूसरा डोज लगाया जाएगा। इसके लिए टीकाकरण कर्मचारियों को अपग्रेड प्रशिक्षण भी दिया गया है।"
जिले में 24 लाख लोगों को लग चुका है टीका
जिले में लगभग 13.02 लाख लोगों को कोरोना टीके की पहली डोज, 11.02 लाख लोगों को दूसरी डोज तथा 19,895 लोगों को प्रीकॉशनरी डोज लगाई जा चुकी है। यानी लगभग 24.24 लाख लोगों का कोरोना टीकाकरण किया जा चुका है।
उत्कृष्टता का सम्मान
राष्ट्रीय टीकाकरण के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा बुधवार को सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभाग द्वारा अपने कर्मचारियों के उत्साहवर्धन के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया।

Facebook Conversations