निगम ने बालकनाथ तालाब सौंदर्यीकरण के लिए सूडा से मांगे 35 लाख, जवाब मिला-पहले बताएं तालाब में गंदा पानी तो नहीं आ रहा
त्वरित खबरे

सूडा ने भिलाई निगम को प्रस्तावों के मुताबिक राशि आवंटित करने से इंकार कर दिया है। लगभग पांच महीने पहले निगम ने उद्यान व तालाब सौंदर्यीकरण समेत निर्माण कार्य के 8 प्रस्तावों के लिए सूडा से 3 करोड़ रुपए उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर अब राज्य शहरी विकास अभिकरण ने कैंची चलाते हुए करीब 92 लाख रुपए की स्वीकृति दी है।

इसमें वार्ड 35 में बालक नाथ तालाब के सौंदर्यीकरण प्रस्ताव पर विशेष टिप्पणी की है। सूडा ने कहा कि पहले निगम इसका प्रमाणपत्र ले कि इस तालाब में गंदे पानी की निकासी तो नहीं हो रही। साथ ही प्रस्तावित भूमि पर अधिपत्य संबंधी प्रमाणपत्र भी लेने को कहा है।

8 निर्माण कार्यों के लिए लिखा गया था पत्र
राज्य प्रवर्तित योजना के तहत भिलाई निगम ने 8 निर्माण कार्यों के लिए 25 जून को सूडा को पत्र लिखा, जिसमें 3 करोड़ रुपए की मांग की गई। इस पर सूडा ने अब मंजूरी देते हुए प्रत्येक कार्य के लिए मांगी गई राशि में कटौती की है। इसके अलावा निगम ने जोन 4 शिवाजी नगर के वार्ड 35 में स्थित बालकनाथ तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 3 प्रस्ताव भेजे। इसमें पहले चरण के लिए 5.25 लाख और द्वितीय व तृतीय चरण के लिए 29.74 लाख रुपए की मांग की। सूडा ने पहले चरण के लिए 2.16 लाख, द्वितीय व तृतीय चरण के लिए कुल 24.64 लाख स्वीकृत किए हैं। लेकिन इस कार्य के लिए राशि जारी करने विशेष नियम व शर्त रखी गई है। सूडा ने तालाब में गंदे पानी की निकासी नहीं होने के संबंध में प्रमाण पत्र मांगा है। प्रस्तावित भूमि का आधिपत्य व अनापत्ति प्रमाण पत्र लेने के बाद कार्य प्रारंभ किए जाएं।

अलग-अलग वार्डों के लिए हुए इन प्रस्तावों के लिए मांगी गई राशि में भी की कर दी कटौती
वार्ड 28 मुक्तिधाम एवं दर्री तालाब के पास गार्डन विकास के लिए 50 लाख रुपए के प्रस्ताव पर 17 लाख रु स्वीकृत किए। वार्ड 30 में कृष्णा पार्क के विकास कार्य के लिए 25 लाख के प्रस्ताव पर 11.10 लाख रु, वार्ड 32 दीनदयाल पुरम गार्डन के लिए 25 लाख की मांग पर 6.84 लाख, वार्ड 35 तेल्हा नाला के पास गार्डन के लिए 40 लाख की मांग पर 11.65 लाख, वार्ड 36 गौतम नगर में उद्यान विकास के 50 लाख के प्रस्ताव पर 9.62 लाख पास किए। वार्ड 37 में सीएसईबी पॉवर स्टेशन के पास गार्डन निर्माण के लिए 30 लाख की मांग पर 1.22 लाख रु दिए हैं। वार्ड 38 स्थित पं दीनदयाल स्टेडियम के पास रिक्त भूमि के सौदर्यीकरण के लिए 45 लाख के प्रस्ताव पर 7.42 लाख रुपए ही स्वीकृत किए हैं।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations