मुंगेली में माय भारत युवा मंडल विकास अभियान का समापन, 35 नए युवा मंडलों का गठन
त्वरित ख़बरें

माय भारत युवा मंडल विकास अभियान का समापन, युवा मंडल सम्मेलन संपन्न

मुंगेली @  युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), मुंगेली द्वारा आयोजित "माय भारत युवा मंडल विकास अभियान" का समापन युवा मंडल सम्मेलन के साथ हुआ। दीनबंधु सहयोग संस्था, विनोबा नगर में आयोजित इस सम्मेलन में अभियान के तहत गठित 35 नए युवा एवं युवती मंडलों के अध्यक्ष और सचिव शामिल हुए।

18 जून से 24 जून 2026 तक चले इस अभियान का उद्देश्य जिले में नए युवा मंडलों का गठन एवं पंजीयन कर युवाओं को राष्ट्र निर्माण और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना था। अभियान के दौरान जिले के 35 ग्रामों में नए युवा क्लबों का गठन किया गया।

सम्मेलन में युवा मंडलों की कार्यप्रणाली, नेतृत्व विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा ग्राम स्तर पर गतिविधियों के प्रभावी संचालन पर विस्तृत चर्चा की गई। युवाओं को खेलकूद, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता जैसे कार्यक्रमों के संचालन के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माय भारत, बिलासपुर संभाग के उपनिदेशक नितिन शर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा मंडल सामाजिक परिवर्तन और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सभी नवगठित युवा मंडलों से अपने-अपने गांवों में नियमित रूप से सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यक्रम संचालित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक नितेश कुमार मोहले ने किया। आयोजन को सफल बनाने में दीनबंधु सहयोग संस्था के अध्यक्ष एवं पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक अरुण कुमार साहू का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा।

सम्मेलन के समापन पर सभी युवा एवं युवती मंडलों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अपने-अपने गांवों में सक्रिय युवा नेतृत्व विकसित करने, सामाजिक विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में निरंतर सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations