मौसम -: खाड़ी में बना सिस्टम, 12 से 14 तक बारिश के आसार
त्वरित खबरे

बुधवार को बंगाल की खाड़ी से नमीयुक्त हवा आने के साथ ही जिले में मौसम का मिजाज बदल गया है। जो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच अधिकतम तापमान 29 डिग्री व न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रहा। इस लिहाज से मंगलवार की तुलना में दिन का पारा स्थिर रहा। जबकि रात का पारा दो डिग्री बढ़ा। लिहाजा पहले की तुलना में ठंड का अहसास भी कम हुआ।

सुबह सूर्योदय के पहले और बाद में कुछ समय के लिए बादल छाए रहे। जिसके बाद सुबह 8.30 से दोपहर तक अधिकांश समय के लिए धूप खिली। दोपहर से शाम तक धूप-छांव का सिलसिला जारी रहा। शाम 4.40 बजे बालोद में नमी की मात्रा 54 फीसदी रही। 8 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली। सुबह से शाम तक नमी की मात्रा 50 फीसदी से ज्यादा ही रही। दक्षिण पूर्व दिशा से कभी ठंडी तो कभी शुष्क, नमीयुक्त हवा आ रही है। गुरुवार को भी ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। 12 से 14 नवंबर के बीच बारिश के आसार हैं।

धान की कटाई जारी, वर्षा हुई तो फसल को नुकसान
वर्तमान में जिले के अधिकांश हिस्से में धान की कटाई जारी है। खेतों में सुबह से शाम तक किसान, मजदूर नजर आ रहे हैं। ऐसे में अगर दो दिन बाद बारिश होती है तो धान भीगने से किसानों को ही नुकसान होने की आशंका है। मौसम में उतार-चढ़ाव को देखते हुए कई किसान हार्वेस्टर, थ्रेसर में मिंजाई करवा रहे है। लेकिन अधिकांश खेतों में नमी है इसलिए हार्वेस्टर पहुंच नहीं पा रहा है। लिहाजा मजबूरी में मजदूरों के भरोसे कटाई करवा रहे है। जिसके बाद मिंजाई करवाएंगे।

चक्रीय चक्रवाती घेरा बनने से जिले में बदल रहा मौसम
रायपुर के मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में चक्रीय चक्रवाती घेरा बनने की संभावना है। जिसके कारण मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच हल्की बारिश होने की संभावना है। वजह यह है कि खाड़ी में सिस्टम बनने से बालोद जिला सहित छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में नमीयुक्त हवा आएगी। हालांकि फिलहाल हल्की बारिश होने की संभावना है। 15 नवंबर को मौसम शुष्क रहने के आसार है। इसके बाद 16 व 17 नवंबर को भी बारिश की संभावना बन रही है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations