क्रिकेट:बीएसपी को जीत के लिए चाहिए 84 रन, 7 विकेट अभी भी बाकी, ग्रुप के विजेता का फैसला आज होगा
त्वरित खबरे

स्व. रियाजुद्दीन स्मृति अंडर-19 क्रिकेट एलिट ग्रुप का फाइनल मैच बीएसपी और बीसीए के बीच खेला जा रहा है। इसका फैसला सोमवार को होगा। इसमें जीत के लिए जहां बीएसपी को 84 रन रन की जरूरत है, वहीं बीसीए को बचे हुए 7 विकेट हासिल करने हैं। सुबह का सत्र काफी महत्वपूर्ण हो सकता है।

सुबह बीसीए ने अपने शनिवार के स्कोर एक विकेट पर तीन रन से आगे खेलना शुरू किया। पहली पारी की तुलना में बीसीए के बल्लेबाजों ने थोड़ा संभलकर खेलने की कोशिश की। यही कारण रहा कि पूरी टीम 148 रन बनाने में सफल रही। इसमें अंबरीश कुमार सिंह ने 44 रन, वी. वैभव ने 41 रन और अभ्युदय सिंह ने 23 रनों का योगदान दिया। बीएसपी की ओर से गेंदबाजी करते हुए पुनीत कोसरे ने 5 विकेट झटके। आलोक कुमार और मनराज सिंह को 2-2 और समप्रीत ठाकुर को एक विकेट मिला। इस तरह बीएसपी को जीत के लिए 154 रन का लक्ष्य दिया है। इसके जवाब में बीएसपी की टीम तीन विकेट के नुकसान में 71 रन बना लिए हैं। सोमवार को तीसरे व अंतिम दिन के खेल में विजेता का फैसला होगा।

प्रथम जाचक और दिग्विजय पटेल ने संभाला मोर्चा, टीम 71 रन पर खेल रही
दूसरी पारी में बीएसपी की टीम ने सावधानी से शुरुआत की। दोनों उद्घाटक बल्लेबाज संभल कर खेले। पहले पिच पर नजरें जमाई। खराब गेंदों का इंतजार किया। अच्छी गेंदों का सम्मान किया और प्रहार करने वाली गेंदों पर शॉट्स खेले। इस तरह दिन के खेल समाप्त होने तक 3 विकेट के नुकसान पर 71 रन बना लिए। इसमें प्रथम जाचक 44 रन और दिग्विजय पटेल ने नाबाद 26 रनों का योगदान दिया है। बीसीए के अभ्युदय सिंह ने 2 और गौरव सिंह ने 1 बल्लेबाज को पवेलियन का राह दिखाई। सोमवार को टीम तीन विकेट पर आगे खेलना शुरू करेगी। फिलहाल जीत आसान नजर आ रही है।

पहली पारी में बीएसपी 6 रनों से पिछड़ी रही, अब दूसरी पारी में मजबूती से उतरी
सीएससीए के बैनर तले चल रही प्रतियोगिता के अंतिम मैच में बीएसपी ने टास जीतकर बीसीए को बैटिंग के लिए आमंत्रित किया। बीसीए की पूरी टीम 81 रन पर सिमट गई। जवाबी पारी खेलने उतरी बीएसपी की टीम भी बीसीए के गेंदबाजों के सामने कुछ खास नहीं कर पाई और 75 रन पर सिमट गई। इस तरह पहली पारी में बीसीए से 6 रन से पीछे रही। इसमें बीसीए के अभ्युदय सिंह ने ऑलराउंडर खेल का प्रदर्शन किया। पहली पारी में जहां 12 रन बनाए वहीं गेंदबाजी में 7 विकेट लिए। इसी तरह बीएसपी के पुनीत कोसरे ने भी दूसरी पारी में 5 विकेट लिए और पहली पारी में 11 रन बनाए।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations