जिले में कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन का दौर जारी है। राज्योत्सव, दिवाली के बाद में वैक्सीनेशन ब्रेक की स्थिति न बनें इसके लिए रायपुर से मिली कोविशील्ड की 22 हजार डोज को जिला वैक्सीन भंडार में स्टॉक में रखा गया है। वहीं रविवार सुबह 5 ब्लॉक में 36 हजार 180 डोज स्टॉक में थे। इसके अलावा कोवैक्सीन की 1420 डोज बची थी। वैक्सीन लगाने के लिए 5 ब्लॉक में 0.5 एमएल की 27 हजार 350, बालोद ब्लॉक में 2 एमएल की 400 और बालोद, डौंडी व डौंडीलोहारा ब्लॉक में 3 एमएल की 967 सिरिंज उपलब्ध कराया गया है।
जिला वैक्सीन भंडार में 0.5 एमएल की 27 हजार 350 सिरिंज स्टॉक में है। इस लिहाज से रविवार सुबह तक ओवरऑल 50 हजार से ज्यादा सिरिंज बची थी, जो पर्याप्त है। इससे ज्यादा वैक्सीन की 59 हजार 500 से ज्यादा डोज स्टाॅक में थे। इस लिहाज से शासन की ओर से सीरिंज से ज्यादा वैक्सीन उपलब्ध करवाया जा रहा है। कलेक्टर जनमेजय महोबे ने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के अफसरों की बैठक लेकर 31 अक्टूबर तक टीकाकरण लक्ष्य हासिल करने निर्देश दिए थे।
अक्टूबर में पूरा करना था लक्ष्य: शनिवार को 18+ के 737 लोग ही पहुंचे केंद्र
अब वैक्सीन की डाेज पर्याप्त लेकिन लगाने वाले कम
जिले में वैक्सीनेशन को लेकर पहले स्थिति ऐसी थी कि रायपुर से डोज कम मिलने से ब्रेक की स्थिति सप्ताह में 3-4 दिन तक बन ही जाती थी। लेकिन अब एक ही पंचायत या गांव में सप्ताह में तीन-चार दिन तक सत्र का आयोजन हो रहा है। पर्याप्त मात्रा में डोज उपलब्ध कराने के बाद अब लगवाने वाले कम पहुंच रहे हैं। किसी दिन सिर्फ 10 ही पहुंच रहे हैं तो किसी दिन 20। लिहाजा 18+ वैैक्सीनेशन लक्ष्य की पूर्ति एक भी ब्लॉक में नहीं हो पाई है। जबकि 45+ वर्ग में लक्ष्य से 35% ज्यादा लोगों को टीका लग चुका है।
45+ के 132 लोगों को पहली व 265 को दूसरी डोज दी
शनिवार को जिले के 5 ब्लॉक में 2020 लोगों को टीका लगा। जिसमें 45+ के 132 को पहली व 265 को दूसरी, 18+ के 737 को पहली व 888 को दूसरी डोज लगी। रविवार को बालोद ब्लॉक में 35, डौंडी में 40, डौंडीलोहारा में सबसे कम 11, गुंडरदेही में सबसे ज्यादा 51 और गुरूर में 12 कुल 149 केंद्रों में टीकाकरण हुआ।
जिले में 18+ वैक्सीनेशन लक्ष्य की पूर्ति अब तक नहीं
जिले के सभी ब्लॉक से मिले आंकड़ों के आधार पर लक्ष्य अनुरूप ओवरऑल 94% लोगों को पहली डोज लग चुकी है। 18+ वैक्सीनेशन लक्ष्य की पूर्ति अब तक नहीं हो पाई है। जिस पर विभाग ज्यादा फोकस कर रहा है। लिहाजा सभी ब्लॉक में अभी पर्याप्त कोविशील्ड की डोज उपलब्ध कराई है। खपत के आधार पर बीएमओ से डिमांड आने पर जिला वैक्सीन भंडार से तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी। अक्टूबर में ज्यादातर दिन 100 से ज्यादा केंद्रों में सत्र लगाया गया, ताकि ज्यादा लोगों को टीका लग सके लेकिन पहले की तुलना में वैक्सीनेशन की गति स्थिर रही।
जानिए, ब्लॉकवार कहां कितनी डोज व सीरिंज स्टॉक में
- बालोद ब्लॉक: यहां कोविशील्ड की 7 हजार 220 और कोवैक्सीन की 480 डोज उपलब्ध कराया गया है। 0.5 एमएल की 4 हजार 470, 2 एमएल की 400 और 3 एमएल की 600 सिरिंज स्टॉक में थी।
- डौंडी ब्लॉक: यहां कोविशील्ड की 7 हजार 30 और कोवैक्सीन की 500 डोज उपलब्ध कराया गया है। 0.5 एमएल की 5 हजार 29 और 3 एमएल की 200 सिरिंज स्टॉक में थी।
- डौंडीलोहारा ब्लॉक: यहां कोविशील्ड की 5 हजार 390 और कोवैक्सीन की 280 डोज उपलब्ध कराया गया है। 0.5 एमएल की 2 हजार 153 और 3 एमएल की 167 सिरिंज स्टॉक में थी।
- गुंडरदेही ब्लॉक: यहां कोविशील्ड की 8 हजार 250 और कोवैक्सीन की 140 डोज उपलब्ध कराया गया है। 0.5 एमएल की 4 हजार 508 सिरिंज स्टॉक में थी। 2 और 3 एमएल की सिरिंज खत्म हो गई है।
- गुरूर ब्लॉक: यहां कोविशील्ड की 8 हजार 290 और कोवैक्सीन की 20 डोज बची थी। 0.5 एमएल की 6 हजार 313 सिरिंज स्टॉक में थी। 2 और 3 एमएल की सिरिंज खत्म हो गई है।
- जिला वैक्सीन भंडार बालोद: यहां कोविशील्ड की 22 हजार डोज और 0.5 एमएल की 27 हजार 350 सिरिंज स्टॉक में है। कोवैक्सीन डोज, 2 और 3 एमएल की सिरिंज स्टॉक में नहीं है।

Facebook Conversations