कोरबा में तालाब में डूबीं तीन सहेलियां, 7 और 8 साल की बच्चियों की मौत...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

कोरबा:- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दर्दनाक हादसे में तालाब में नहाने गई तीन बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 7 वर्षीय इंदु और 8 वर्षीय राखी व साधना के रूप में हुई है। तीनों बच्चियां एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और आपस में सहेलियां थीं।

जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चियां उस दिन स्कूल नहीं गई थीं और दोपहर के समय तालाब में नहाने चली गईं। उनके परिजन काम पर गए हुए थे। काफी देर तक बच्चियों के घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। तालाब के किनारे तीनों के कपड़े और चप्पल मिले।

इसी दौरान तालाब में इंदु का शव तैरता दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन शुरू की और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पाली थाना पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद राखी और साधना के शव भी तालाब से बरामद कर लिए।

पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों बच्चियों के शव बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर मामले की जांच कर रही है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations