कलेक्टर ने मतदाता जागरूता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना,
त्वरित ख़बरें - जागरूकता रथ खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के शहरी एवं ग्रामीण मतदाताओं को करेगा जागरूक

राजनांदगांव 23 मार्च 2022। सामान्य प्रेक्षक आईएएस  शांतनु पी. गोटमारे एवं कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी  तारन प्रकाश सिन्हा ने विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-73 खैरागढ़ उप निर्वाचन 2022 में नागरिकों को मतदान प्रक्रिया में भागीदार बनाने के लिए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिला निर्वाचन अधिकारी  सिन्हा ने विधानसभा के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि शत-प्रतिशत मतदान लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा स्वीप कार्यक्रम अंतर्गत नागरिकों को मतदान का महत्व बताने और मतदान प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करने हेतु जागरूकता रथ चलाया जा रहा है। नागरिकों को मतदान के महत्व से अवगत कराया जा रहा है।

ईवीएम व वीवी पैट के बारे में जानकारी -

वोटर वेरीफाइबल पेपर ऑडिट ट्रेल यानी वीवी पैट व्यवस्था के तहत वोट डालने के तुरंत बाद कागज की एक पर्ची बनती है। इस पर्ची पर जिस उम्मीदवार को वोट दिया है, उनका नाम और चुनाव चिन्ह छपा होता है। यह पर्ची वीवी पैट के स्क्रीन पर वोटर को 7 सेकेण्ड तक दिखने के पश्चात वीवी पैट के बाक्स में कटकर गिरती है।

जागरूकता रथ के माध्यम से मतदान करने दिलाई जाएगी शपथ -

हम भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भिक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ  लोकेश चंद्राकर, अपर कलेक्टर  सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त  आशुतोष चतुर्वेदी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय, एसडीएम  अरूण वर्मा, नोडल अधिकारी स्वीप श्रीमती रश्मि सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 आज 5 अभ्यर्थियों ने दाखिल किया नाम निर्देशन पत्र

7 अभ्यर्थियों ने लिया नाम निर्देशन पत्र

 विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-73 खैरागढ़ उप निर्वाचन 2022 के अंतर्गत रिटर्निंग ऑफिसर  लोकेश चंद्राकर के समक्ष आज निर्धारित समय तक 5 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया और 7 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन पत्र क्रय किया है। सहायक रिटर्निंग ऑफिसर श्रीमती इंदिरा देवहारी ने बताया कि इंडियन नेशनल कांग्रेस से श्रीमती यशोदा वर्मा, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से संतोषी प्रधान, अम्बेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया से  ढालचंद साहू, फारवर्ड डेमोके्रटिक लेबर पार्टी से  चुरण दास साहू एवं  सुनील पाण्डे (निर्दलीय) ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इसी प्रकार भारतीय जनता पार्टी से  कोमल जंघेल, राष्ट्रीय जनसभा पार्टी से  मोहन भारती, जनता कांग्रेस से  नरेन्द्र सोनी, शिवनेसा ने  नितीन कुमार भांडेकर सहित अरूणा सिंह,  साधूराम धुर्वे एवं  अमर दास मनहरे (निर्दलीय) ने नामांकन पत्र क्रय किया है।

सामान्य प्रेक्षक एवं कलेक्टर ने मतदाता जागरूकता के लिए लगाए गए फोटो प्रदर्शनी का किया अवलोकन

 सामान्य प्रेक्षक आईएएस  शांतनु पी. गोटमारे एवं कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी  तारन प्रकाश सिन्हा ने विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-73 खैरागढ़ उप निर्वाचन 2022 में स्वीप कार्यक्रम अंतर्गत मतदाताओं को जागरूक करने कलेक्टोरेट परिसर में लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। फोटो प्रदर्शनी में विधानसभा क्षेत्र खैरागढ़ अंतर्गत मतदाताओं को मताधिकार के महत्व एवं जानकारी दी जा रही है। साथ ही फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से स्वीप द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में बताया गया है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ  लोकेश चंद्राकर, अपर कलेक्टर  सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त  आशुतोष चतुर्वेदी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय, एसडीएम  अरूण वर्मा, नोडल अधिकारी स्वीप श्रीमती रश्मि सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

शासकीय पॉलीटेक्निक खैरागढ़ के विद्यार्थियों ने प्राथमिकता से मतदान करने किया जागरूक

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी  तारन प्रकाश सिन्हा के मार्गदर्शन में मतदाताओं को जागरूक करने स्वीप के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 73 खैरागढ़ उप निर्वाचन 2022 के अंतर्गत 12 अप्रैल को मतदान किया जाएगा। इसके लिए खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने रैली, नुक्कड़, नाटक, रंगोली प्रतियोगिता, पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित किए जा रहे हैं। जिसका मुख्य उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र में शत प्रतिशत मतदान कराना है। इसी के तहत ग्राम धौंराभाठा खैरागढ़ में शासकीय पॉलीटेक्निक खैरागढ़ द्वारा मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जिसमें 80 छात्र एवं छात्राओं ने अपनी सहभागिता दी। विद्यार्थियों ने रैली के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व को बताते हुए प्राथमिकता से मतदान करने नागरिकों से अपील की। रैली का आयोजन कार्यक्रम अधिकारी संदीप सोनी द्वारा किया गया।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations