छत्तीसगढ़ की सरकार ने पेट्रोल पर 1% और डीजल पर 2% वैट कम किया है। इसकी वजह से पेट्रोल 77 पैसे और डीजल 1 रुपए 45 पैसे के आस-पास घटी हुई कीमत पर बिक रहा है। सोमवार को 101.86 रुपए में मिलने वाला पेट्रोल सरकार के वैट घटाने के बाद मंगलवार को 101.09 रुपए में मिल रहा है। इस पर दैनिक भास्कर ने शहर के पेट्रोल पंप पहुंचकर रायपुर के लोगों से इस कटौती पर उनकी राय जानी।
रायपुर के बोरियाखुर्द इलाके की अग्रिमा फ्यूल्स पर जब एक शख्स से रिपोर्टर ने पूछा कि 77 पैसे कम हो गए पेट्रोल पर, आपकी कितनी बचत हो रही है। इतना सुनते ही बाइक सवार युवक हंस पड़ा। वो कहने लगा कि यह भी कोई कमी हुई । रोजमर्रा की मजदूरी से कमाने-खाने वाले लोग बहुत परेशान हैं। महंगाई के बोझ से आदमी दब चुका है।
पेट्रोल लेने आए एक कार सवार ने इस कमी को ऊंट के मुंह में जीरे की तरह बताया उसने कहा कि कम से कम 3 से 4 रुपए घटाया जाना था। इस कमी से किसी को क्या फर्क पड़ेगा। सरकार और दाम कम करती तो जरा आम आदमी को राहत मिलती।
अब सप्ताह में 1 दिन चलाते हैं कार
सेजबहार इलाके में रहने वाले संतोष साहू ने बताया कि पहले वह हर रोज अपने दफ्तर कार से जाया करते थे। पेट्रोल की बढ़ी कीमतों की वजह से अब वह सप्ताह में 1 दिन ही कार का इस्तेमाल करते हैं। बाकी दिन वह अपनी बाइक से ऑफिस जाते हैं । उन्होंने कहा कि पेट्रोल में जिस कमी की उम्मीद की जा रही थी छत्तीसगढ़ की सरकार ने वैसा कुछ भी नहीं किया 77 पैसे कम किए हैं, आखिर 77 पैसे में होता क्या है बताइए।
कांग्रेस ने बताया बड़ी राहत
दूसरी तरफ कांग्रेस सोशल मीडिया पर सरकार के इस फैसले को बड़ी राहत के तौर पर पेश कर रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने इसे लेकर कहा कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने कोरोना काल में पेट्रोल पर लगने वाले एक्साइज टैक्स को ढाई गुना बढ़ाया था तथा डीजल पर लगने वाले एक्साइज टैक्स को दस गुना बढ़ाया था। जब सरकार पर चौतरफा दबाव पड़ा तो मात्र 5 रू. और 10 रू. की कटौती किया। कोरोना काल में पेट्रोल पर 9.48 पैसे तथा डीजल पर लगभग 3.56 पैसे एक्साइज लगता था जिसे मोदी सरकार ने बढ़ा दिया था। आज मोदी सरकार पेट्रोल पर 27.90 रू और डीजल पर 21.80 रू. एक्साइज ड्यूटी वसूलती है। पेट्रोल और डीजल के दाम मोदी सरकार की मुनाफाखोरी वाली नीति के कारण बढ़े है।
भाजपा बोली- ये लॉलीपॉप है
भारतीय जनता पार्टी ने हाल ही में प्रदेश के हर जिले में पेट्रोल को लेकर बड़े-बड़े विरोध प्रदर्शन किए। सड़कों पर चक्काजाम किया गया गिरफ्तारियां दी गईं। प्रदेश अध्यक्ष साय ने कहा था कि जब तक पेट्रोल पर राज्य सरकार वैट कम नहीं करती आंदोलन होगा। अब इस कमी पर भाजपा ने कहा है कि पेट्रोल-डीज़ल पर वैट घटाने के नाम पर प्रदेश की जनता के साथ भद्दा मज़ाक़ किया है। देश के अन्य राज्यों से भी सस्ता पेट्रोल-डीज़ल देने की बात डींगे साबित हुईंं। विष्णुदेव साय ने कहा कि पेट्रोल-डीजल में छूट देकर जो बड़ा एहसान सरकार ने किया है उसका कर्ज जनता 2023 में सूद समेत चुकायेगी।

Facebook Conversations