खतरा बड़ा क्योंकि किसी की कोई ट्रेवलिंग हिस्ट्री नहीं, छावनी के श्रमिक नगर में एक ही घर में मिले डेंगू के 4 मरीज दुर्ग में भी मिला
त्वरित खबरे

छावनी के श्रमिक नगर में शनिवार को डेंगू 4 नए मामले सामने आए हैं। श्रमिक नगर के एक ही घर में 4 कंफर्म मरीज मिले हैं। किसी की कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। इस साल छावनी में यह पहले 4 शुरुआती केस हैं। वर्ष 2018 के जानलेवा डेंगू के बाद यहां अब तक डेंगू मरीज नहीं मिले थे। शनिवार को अचानक मिले मरीज के बाद हेल्थ विभाग में हड़कंप मच गया है। सभी मरीजों की स्थिति सामान्य बताई गई है। उनका होम आइसोलेशन में उपचार किया जा रहा है। अब तक जिले में 92 डेंगू मरीज मिल चुके हैं। इसमें 49 मरीजों की कोई ट्रेवलिंग हिस्ट्री नहीं है। 43 का महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश और दिल्ली आना-जाना हुआ है।

3 का महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, तेलंंगाना, आंध्रप्रदेश और दिल्ली आना-जाना हुआ है। इस सीजन जिले में डेंगू का सबसे पहला केस टाउनशिप के सेक्टर-4 में मिला था। इस केस की तीन दिन बाद ही यहां दूसरा केस मिलने से स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया था। इसका परिणाम यह हुआ कि प्रमुख सचिव हेल्थ डॉ. अनिल शुक्ला जिला का दौरा करने पहुंच गए। इस क्रम में वह टाउनशिप के सेक्टर-4 भी पहुंचे थे। यहां उन्होंने निगम और बीएसपी प्रशासन को संयुक्त टीम बनाकर रोकथाम की गतिविधियां वैज्ञानिक तरीके से अंजाम देने को कहा। फिलहाल नए केस मिलने के बाद पुन: चिंता बढ़ गई है। पहली बार एक दिन में, एक ही क्षेत्र में, एक घर में चार डेंगू मरीज मिले हैं।

दुर्ग के शनिचरी बाजार में भी एक मरीज मिला, इलाज के बाद स्वस्थ
दुर्ग के शनिचरी बाजार में भी डेंगू का एक केस मिला है। इस मरीज की भी कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। बुखार आने के बाद स्पर्श अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लक्षण के आधार पर इलाज शुरू किया गया। डेंगू की जांच रिपोर्ट जब तक आई, तब तक वे पूरी तरह से स्वस्थ हो गए। इधर सूचना के बाद स्थानीय प्रशासन ने शनिचरी बाजार में फॉगिंग कराया। पहले भी यहां मरीज मिले हैं।

छावनी क्षेत्र में वर्ष 2018 में फैला था डेंगू
भिलाई का छावनी क्षेत्र लो-इम्युनिटी वाला क्षेत्र है, इसलिए डेंगू के चार मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग सकते में आ गया है। रिपोर्ट आने के बाद भी डोर-टू-डोर सर्वे कर बुखार के सभी मरीजों की तलाश शुरू कर दी गई है। शनिवार की शाम तक आसपास के 50 घरों का सर्वे किया गया। इसमें बुखार के नए मरीज नहीं मिले हैं। हेल्थ विभाग का सर्वे आगामी दिनों में भी जारी रहेगा। इधर डेंगू के मरीज मिलने के बाद कूलरों को साफ करना शुरू कर दिया गया है। वहीं अन्य जगहों पर जमा पानी की निकासी कराई जा रही है।

छावनी, कैम्प, खुर्सीपार में फैल चुका है डेंगू, फिर बढ़ने लगा खतरा
2018 के डेंगू में जिले में 6000 से ज्यादा डेंगू मरीज मिलने के साथ ही 55 की मौत हुई थी। इसमें आधा से ज्यादा मरीज भिलाई के कैंप, खुर्सीपार और छावनी में मिले थे। होने वाली मौतों में भी आधा से ज्यादा इन्हीं क्षेत्रों में हुई थी। इस साल पॉजिटिव मरीज छावनी छोड़ सभी क्षेत्रों में मिल चुके हैं। इस साल छावनी में पहली बार मिला है। इस प्रकार पुन: इस क्षेत्र में डेंगू का खतरा बढ़ गया है।

एक घर से 4 मरीज मिले, रविवार को होगा सर्वे
इस सीजन में पहली बार छावनी के एक ही घर में 4 मरीज मिले हैं। सभी की स्थिति ठीक है। होम आइसोलेशन में उपचार चल रहा है। एक केस दुर्ग के शनिचरी बाजार में भी मिला है। रिपोर्ट आने के बाद दोनों क्षेत्रों में बुखार के मरीजों को सर्च किया जा रहा है। रविवार को हम सघन अभियान चलाएंगे।
-डॉ. सीबीएस बंजारे, जिला मलेरिया अधिकारी दुर्ग

YOUR REACTION?

Facebook Conversations