खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव:कांग्रेस ने प्रत्याशी की घोषणा,यशोदा वर्मा को बनाया प्रत्याशी
त्वरित ख़बरें - खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव: कांग्रेस ने यशोदा वर्मा को बनाया प्रत्याशी, अब भाजपा पर टिकी सबकी नजर

राजनांदगाव / छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। कांग्रेस पार्टी ने स्थानीय महिला यशोदा वर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया है। नई दिल्ली स्थित कांग्रेस पार्टी मुख्यालय से मंगलवार को इसकी घोषणा की है। कांग्रेस के पास 42 नेताओं ने टिकट के लिए दावेदारी की थी। संगठन ने उसमें से 19 नामों की छंटनी कर दी। इसके बाद 23 लोगों में से 7 नामों का पैनल बनाकर दिल्ली भेजा गया था।  

बता दें कि खैरागढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष यशोदा वर्मा लंबे समय से कांग्रेस की सियासत में सक्रिय हैं। यशोदा वर्मा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बनने से पहले जिला पंचायत की सदस्य रही चुकी हैं। उनके पति नीलांबर वर्मा जनपद के सदस्य रहे हैं। यशोदा राजनांदगांव जिला महिला लोधी समाज की भी अध्यक्ष हैं। दोनों पार्टी गतिविधियों में लगातार सक्रिय हैं। पति-पत्नी दोनों ने ही उपचुनाव में दावेदारी की थी, लेकिन पार्टी की मुहर यशोदा वर्मा के नाम पर लगी है। इधर भारतीय जनता पार्टी भी आज शाम तक अपने प्रत्याशी की घोषणा कर सकती है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ भी यहां चुनाव लड़ेगी और अपनी सीट बचाने दम लगाएगी। 

24 मार्च नामांकन की अंतिम तारीख 
खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव के लिए 17 मार्च से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यह 24 मार्च तक चलेगी। फार्म ऑनलाइन भी अपलोड की जा रही है, लेकिन उसकी हार्ड कॉपी जमा करनी ही होगी। तय कार्यक्रम के अनुसार स्कूटनी के बाद 28 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। प्रशासन ने चुनावी प्रक्रिया के लिए तैयारी पूरी कर ली है। उप चुनाव के लिए 12 अप्रैल को मतदान होगा और मतगणना 16 अप्रैल को होगी। यह सीट खैरागढ़ सियासत के राजा और विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद खाली हुई है। 

YOUR REACTION?

Facebook Conversations