कहा- कांग्रेस अपने अंदर झांके..
सावन के तीसरे सोमवार सेक्टर 4 स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा अर्चना करने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक पहुंचे। उन्होंने इस दौरान भाजपा में आदिवासी नेता के अपमान की बात को गलत बताया। उन्होंने कहा कांग्रेस में अंतर्कलह उजागर हो गई है। संगठन के लिए काम करने वाले आदिवासी नेता को प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटा दिया गया है। मुख्यमंत्री अपनी पार्टी को देखें भाजपा को देखने से कोई लाभ नहीं मिलने वाला है।
मडिया से चर्चा के दौरान कौशिक ने कहा कि भाजपा ने किसी भी आदिवासी नेता का अपमान नहीं किया है। ननकीराम हमारे वरिष्ठ नेता हैं। हमें उनके भाजपा कार्यालय आने की जानकारी नहीं थी। उस समय देश के गृहमंत्री अमित शाह आए थे। उनका एक प्रोटोकॉल होता है। प्रोटोकॉल के चलते ऐसा हुआ है। भाजपा में सबकुछ ठीक न चलने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान का उन्होंने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में जो अंतर्कलह थी वो अब उजागर हो गई है।
अभी अभी प्रदेश अध्यक्ष को हटाया गया है। मुख्यमंत्री को यह डर था कि जिस तरह से वो निगम और मंडल में हस्तक्षेप करते रहे हैं उसी तरह से विधानसभा के टिकट वितरण में भी हस्तक्षेप करेंगे। इसी डर के चलते एक आदिवासी नेता को हटाया गया, जबकि वो संगठन की दृष्टि से भी काम कर रहे थे। ये अंतर्कलह को उजागर करता है। मुख्यमंत्री अपनी पार्टी को देखें भाजपा को देखने से लाभ नहीं होगा। बाबा अलग नाराज चल रहे हैं। उनके एक खास मंत्री को हटा दिया गया। इस प्रकार से तो कांग्रेस की राजनीति चल रही है।

परिवार के साथ भिलाई सेक्टर 4 पहुंचे पूजा अर्चना करने।
कहा बार-बार केंद्रीय मंत्री के आने से हुआ राज्य का विकास
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित के बार-बार छत्तीसगढ़ आने के सवाल का जवाब भी कौशिक ने दिया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री के बार-बार आने से छत्तीसगढ़ का विकास तेजी से हुआ। लोगों को उनका लाभ मिला है।
विधानसभा चुनाव में बीजेपी का चेहरा होगा कमल का फूल
विधानसभा चुनाव में बीजेपी का चेहरा को लेकर पूछे गए सवाल में कौशिक ने कहा कि बीजेपी कमल के फूल के निशान पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि जब हम 15 साल तक सत्ता में थे तो कांग्रेस से पूछते रहे कि आपका चेहरा कौन होगा, तो चेहरा नहीं बता पाए। अब आज वो सत्ता में हैं तो हमसे चेहरे की बात कर रहे हैं।
केंद्र में बुलाने पर कहा हर जिम्मेदारी निभाएंगे
धरम लाल कौशिक से पूछा गया कि ऑपको और रमन सिंह को केंद्र में लाने की तैयारी की जा रही है। इस पर उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को उन्हें केंद्र में भेजना होगा तो इसके लिए मुख्यमंत्री से तो नहीं पूछेंगे। खुद तय कर देंगे। किसी से पूछने की जरूरत नहीं है। वर्तमान में हमें संगठन की जिम्मेदारी दी गई है, उसे निभा रहे हैं। विधानसभा स्तर पर भी हमने अच्छा काम किया है। मुख्यमंत्री और उनके मंत्री जवाब देने के लायक भी नहीं हैं।

सोमेश्वर महादेव की प्रतिमा को सजाया गया अद्भुत तरीके से।
परिवार सहित की भोलेनाथ की पूजा अर्चना
धरमलाल कौशिक सेक्टर-4 स्थित सोमेश्वर मंदिर में पूजा करने अपने परिवार के साथ पहुंचे थे। वो बोलबम समिति के अध्यक्ष दया सिंह के बुलावे पर बाबा का आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचे थे। आचार्य कान्हा महाराज ने पूरे विधि-विधान से उनकी पूजा-अर्चना कराई।
.

Facebook Conversations