जबलपुर में डॉक्टर पति की बेवफाई से तंग आकर भोपाल की डॉक्टर बेटी ने सुसाइड कर लिया
त्वरित ख़बरें - डॉक्टर पति पर था बेवफाई का शक; 7 साल हो गए सहते-सहते, अब बर्दाश्त नहीं होता

भोपाल की डॉक्टर बेटी ने जबलपुर में सुसाइड कर लिया। उसने अपने डॉक्टर पति की बेवफाई से तंग आकर ये कदम उठाया। फांसी लगाने से तीन घंटे पहले फैमिली ग्रुप में मैसेज छोड़ा- '7 साल हो गए सहते-सहते। अब और बर्दाश्त नहीं होता।' डॉ. कीर्ति ने सोमवार रात 10.45 बजे फांसी लगाकर जान दी। डॉ. कीर्ति के पिता एमके जैन, पशुपालन विभाग के ACS कंसोटिया के पीए हैं। मृतका को अपने पति डॉ. स्वप्निल जैन के चरित्र पर संदेह था। परिजनों ने डॉ. स्वप्निल पर कीर्ति को परेशान करने का आरोप लगाया है।

5 दिन पहले मां से फोन पर की शिकायत, कहा- भोपाल ट्रांसफर करा दो
'डॉक्टर पति अस्पताल से देर रात लौटता है। बीमार होने पर भी ध्यान नहीं देता। बच्चों और मुझसे उन्हें मतलब नहीं है। क्लीनिक में तीन CCTV लगे हैं, जिनमें से एक बंद है। एक का मेमोरी कार्ड निकाल दिया गया है। पांच दिन के फुटेज भी डिलीट कर दिए हैं। यह सब क्या है ? किसका डर है ? मुझसे क्या छिपाया जा रहा ? बहुत हो गया। सात साल हो गए सहते -सहते। अब बर्दाश्त नहीं होता। आप मेरा भोपाल ट्रांसफर करा दो। वहीं नौकरी करूंगी।’

डॉक्टर दंपती में 5 साल से चल रहा था विवाद
जबलपुर की माढ़ोताल पुलिस के मुताबिक ग्रीन सिटी निवासी डॉ. स्वप्निल जैन मूलत: कटंगी के रहने वाले हैं। उनकी शादी 2015 में भोपाल निवासी होम्योपैथिक डॉक्टर कीर्ति जैन (32) से हुई थी। कीर्ति कैमोरी में पदस्थ थीं। दोनों के दो बच्चे वंश (6) व वंशिका (18 माह) हैं। स्वप्निल इससे पहले जबलपुर हॉस्पिटल में काम कर चुका है। वर्तमान में उसने खुद का अस्पताल खोल लिया है। डॉक्टर दंपती में करीब पांच साल से विवाद चल रहा था। महिला के परिजनों ने डॉ. स्वप्निल और डॉ. स्वप्निल ने पत्नी के परिवार वालों पर परेशान करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पति की निगरानी करने घर और अस्पताल में लगवाए CCTV
उधर पति स्वप्निल सहित मायके वालों का दावा है कि कीर्ति पति पर संदेह करती थी। उसे संदेह था कि स्वप्निल के दूसरे युवतियों से संबंध हैं। इसी के चलते उसने घर से लेकर अस्पताल तक में CCTV लगवा रखे थे। वह अक्सर रिकॉर्डिंग चेक करने पहुंच जाती थी। तीन-चार दिन पहले वह रिकॉर्डिंग चेक करने पहुंची, तो 5 दिन की रिकॉर्डिंग डिलीट मिली। इसे लेकर भी दोनों में विवाद हुआ था। जिसके बारे में कीर्ति ने मां को भी बताया था।

सुसाइड के पौने तीन घंटे पहले किया फैमिली ग्रुप में मैसेज
कीर्ति ने सोमवार रात करीब 10.45 बजे फांसी लगाई। इससे पहले रात 8 बजे उसने परिवार के बनाए गए सोशल मीडिया ग्रुप में मैसेज भी पोस्ट किया। इसमें लिखा कि- ‘आप सबसे विनती है, पापा से बोलो कि मेरा ट्रांसफर भोपाल करा दें। अब और बर्दाश्त नहीं हो रहा। 7 साल हो गए, सब सहन करते-करते।’ माढ़ोताल पुलिस के पहुंचने से पहले स्वप्निल ने शव को फंदे से उतार लिया था। मौके पर FSL टीम भी पहुंची थी।

माॅर्चुरी में ससुर-दामाद भी झगड़ पड़े
बेटी के सुसाइड की सूचना पर भोपाल से जबलपुर पहुंचे महेश कुमार जैन और दामाद स्वप्निल में विवाद हो गया। मार्चुरी में पुलिस जब बेटी (डॉ. कीर्ति) के शव का पंचनामा बना रही थी। तभी दोनों में झगड़ा हो गया।

शादी के एक साल बाद से ही परेशान करना किया शुरू
जबलपुर पहुंचे पिता महेश कुमार और छोटी बहन रूपल जैन ने आरोप लगाए कि शादी के सालभर बाद से ही डॉ. स्वप्निल उसकी बहन को परेशान करने लगा था। वह अक्सर अपनी शिकायत साझा करती थी, लेकिन हम उसे ही समझाकर चुप करा देते थे। बीच में एक बार पुलिस तक मामला पहुंचा था। तब स्वप्निल ने स्टाम्प में लिख दिया था कि हम उसे अच्छे से रखेंगे। तब उसे विदा किया था।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations