जबलपुर में अवैध संबंध के शक में एक युवक ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद ने साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। युवक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर मर्चुरी में रखवा दिया है। दोनों का आज पोस्टमॉर्टम होगा।
सिहोरा टीआई गिरीश धुर्वे ने बताया कि गुरुवार शाम को कंकाली मोहल्ले में 32 वर्षीय रज्जू चौधरी ने अपनी 27 वर्षीय पत्नी ललिता बाई की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद फांसी लगा ली। युवक की छह महीने पहले ही शादी हुई थी। वह पिता की वेल्डिंग दुकान पर ही युवक काम करता था। युवक के पास मिले सुसाइड नोट में लिखा है कि, 'मैं रज्जू इस बात को लिख रहा हूं, कि मेरी बीवी जय से प्यार करती थी। उसके कहने पर मुझे पारा नाम का जहर दे दिया है, इसलिए मैं उसे मार रहा हूं, खुद को भी मार रहा हूं।'
जुलाई 2021 में हुई थी ललिता से दूसरी शादी
युवक की ये दूसरी शादी थी। पहली पत्नी के छोड़कर चले जाने के बाद इसी जुलाई में उसने ललिता से दूसरी शादी की थी। घटना के समय दोनों घर में अकेले थे। पिता रघुनाथ चौधरी न्यू बस स्टैंड सिहोरा में वेल्डिंग दुकान पर थे और मां तुलसा बाई छोटी बेटी मंजू बाई से मिलने गडिया मोहल्ले गई थी।।
मां घर लौटी तब बेटे-बहू की मौत का पता चला
शाम 4.30 बजे के लगभग तुलसा बाई घर लौटी तो दरवाजा अटका हुआ मिला। अंदर पहुंची तो बेटा रज्जू चौधरी कमरे में साड़ी के फंदे से लटका था और बहू ललिता बाई पलंग पर मृत हालत में पड़ी थी। उसके गले में निशान थे। तुलसा बाई की चीख सुनकर पड़ोसी पहुंचे और उसके पति और पुलिस को सूचना दी।
घटना से पहले नवदंपती में हुआ था विवाद
पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि शाम को तुलसा बाई के घर से बेटे-बहू का आपस में विवाद हुआ था, जिसकी आवाज बाहर तक आ रही थी। काफी देर तक झगड़ने के बाद सब कुछ शांत हो गया। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त करते हुए दोनों शवों को सिहोरा सिविल अस्पताल की मर्चुरी भिजवा दिया। शुक्रवार को दोनों शवों का पीएम होगा।

Facebook Conversations