जबलपुर वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो ने गुरुवार को बरेला और बीजाडांडी मंडला वन विभाग के साथ मिलकर एक वन्यजीव तस्कर को दबोच लिया। आरोपी के पास से चीतल की खाल और सींग जब्त किए। आरोपी के खिलाफ वन्य जीव अधिनियम का प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया गया है।
डब्लूसीसीबी के क्षेत्रीय उपनिदेशक अभिजीत रॉय चौधरी के निर्देश पर ये कार्रवाई हुई। दरअसल बरेला-बीजाडांडी के वन क्षेत्र में बड़ी संख्या में चीतल पाए जाते हैं। स्थानीय लोग फंदा लगाकर इनका शिकार करते रहते हैं। इसकी पूर्व में सूचना अधिकारियों को मिली थी।
गांव के पास दबोचा गया आरोपी
इसी सूचना पर टीम ने जाल बिछाया और गुरुवार को मंडला रोड पर उदयपुर के पास दबिश दी। मौके पर एक व्यक्ति बोरी में कुछ रखे हुए मिला। उसकी पहचान उदयपुर गांव निवासी गनीमत प्रसाद के रूप में हुई। बोरी की तलाशी में चीतल की खाल और सींग जब्त हुआ। आरोपी के खिलाफ वन्य जीव अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।

Facebook Conversations