बीएसपी वर्कर्स यूनियन कार्यालय में कोर ग्रुप सदस्यों की बैठक हुई, जिसमें यूनियन की मांग पर सांसद के हस्तक्षेप बाद बीएसपी प्रबंधन ने रिटेंशनधारियों का किराया आधा किए जाने और टाउनशिप से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। इसमें खाली जमीन मकान बनाने कर्मियों को अलॉट किए जाने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है।
यूनियन अध्यक्ष उज्ज्वल दत्ता ने कहा कि बीएसपी में वर्षों सेवा देने के बाद जब कर्मचारी सेवानिवृत्त होते हैं तो उन्हें बाहर में अपना घर बनाने में समय लगता है। ऐसी स्थिति में उन्हें कुछ शर्तों के अधीन बीएसपी का आवास रिटेंशन के रूप में उसे दिया जाता रहा है। लेकिन रिटेंशनधारी कर्मी द्वारा समय पर बिजली, पानी, आवास का किराया नहीं देने पर प्रबंधन ने आवास के किराये में 64 गुना तक की वृद्धि कर दी थी, जिसका यूनियन ने विरोध किया था। मुद्दे पर सांसद सहित अन्य फोरम में ज्ञापन सौंपा गया।
सांसद ने इस्पात मंत्री और चेयरमैन से की चर्चा
सांसद विजय बघेल ने केंद्रीय इस्पात मंत्री रामचंद्र प्रसाद सिंह, इस्पात राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते और सेल चेयरमैन से चर्चा की। जिसका लाभ मिला और बीएसपी कर्मी लाभान्वित हुए। रिटेंशन मकानों में इस नई व्यवस्था के तहत अब रिटेंशन आवास में रहने वालों को मात्र 32 गुना किराया बिना ब्याज के देना पड़ेगा।
क्वार्टर को लाइसेंस पर लेने अनुमति दी जाए
उप महासचिव शिवबहादुर सिंह ने कहा कि यूनियन की मांग है कि रिटायरमेंट के बाद कर्मचारी अपने क्वार्टर को अगर लाइसेंस पर लेना चाहता है तो उसे दिया जाना चाहिए। सांसद विजय बघेल ने भी इसमें सहयोग करने का आश्वासन दिया है। नोहर सिंह गजेंद्र ने प्रबंधन की खाली जमीन भी कर्मियों को आवास के लिए देने पर विचार किए जाने की मांग की।

Facebook Conversations