छत्तीसगढ़ के दुर्ग विधानसभा से कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने मुख्यमंत्री को खुश करने के लिए उनकी तुलना भगवान शंकर से कर डाली है। अपने इस बयान को लेकर भाजपा और आप नेताओं ने उन्हें आड़े हाथों लिया है। उनका कहना है कि किसी भी इंसान की तुलना भगवान से नहीं की जा सकती है। अरुण वोरा ने निंदनीय कृत्य किया है। इसके लिए उन्हें सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगनी होगी।
आपको बता दें कि आप नेताओं ने गुरुवार को दुर्ग विधायक अरुण वोरा के आवास का घेराव किया। घेराव के दौरान मीडिया से बात करते हुए विधायक वोरा ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तुलना भगवान शंकर से कर दी। विधायक अरुण वोरा ने कहा कि आप के नेता बिना काम के घेराव कर फोटो खिंचाने आए थे। हम तो काम करके फोटो खिंचाते हैं। जब वो लोग आए तो मैंने उनसे कहा कि सामने भोले बाबा का मंदिर है। मंदिर आइये। जैसे इस मंदिर में भोले बाबा बैठे हैं उसी तरह हमारे प्रदेश में भपेश बघेल के रूप में भोले बाबा बैठे हैं। वो सबका उद्धार करते हैं। जो उनके पास जाता है वो उनकी मांग को पूरी करते हैं। विधायक वोरा के इस बयान के आते ही दुर्ग की राजनीति गर्मा गई है। भाजपा और आप पार्टी के पदाधिकारियों ने विधायक अरुण वोरा को आड़े हाथों लेते हुए इसे भगवान महादेव का अपमान बताया है।

दिव्या कलिहारी, जिलाध्यक्ष, महिला मोर्चा, BJP
भूपेश बघेल ने ऐसा क्या कर दिया को भोले बाबा बन गए - दिव्या कलिहारी
जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष दिव्या कलिहारी ने विधायक अरुण वोरा के बयान को निंदनीय बताया है। उनका कहना है कि अरुण वोरा भूपेश बघेल को भगवान शंकर का दर्जा देते हैं तो ये बहुत ही निंदनीय है। क्या एक इंसान भगवान बन सकता है। ठीक है हम सबको उनका सम्मान करना चाहिए, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि उन्हें भगवान का दर्जा दे दिया जाए। दूसरी बात क्या भूपेश बघेल ने ऐसा कोई काम किया है कि उन्हें भगवान बोला जाना चाहिए। अरुण वोरा को इसके लिए क्षमा मांगनी चाहिए।

विनायक ताम्रकार, जिलाध्यक्ष, किसान मोर्चा, BJP
भगवान राम को गाली देने वाले इंसान का बेटा भगवान कैसे - ताम्रकार
बीजेपी से किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विनायक ताम्रकार ने कहा यदि भूपेश बघेल भोला भंडारी और शिवजी के स्वरूप हैं तो मैं ये कहूंगा कि शिवजी की जटा से गंगा निकली हैं और भूपेश बघेल ने उसी गंगाजल को हाथ में लेकर झूठी कसम खाई। उन्होंने युवाओं, महिलाओं यहां तक की हर वर्ग को ठगने का काम किया है। भूपेश बघेल के पिता जगह-जगह भगवान राम को गाली देते हैं। रामायण का उल्लेख भी गलत तरीके से करते हैं। ऐसे इंसान का पुत्र शिवजी नहीं हो सकता है।

सुमित शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष, आप पार्टी
इंसान इंसान और भगवान भगवान - सुमित शर्मा
आप पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुमित शर्मा ने दुर्ग विधायक अरुण वोरा के बयान को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि अरुण वोरा ने भोले नाथ की तुलना भूपेश बघेल से की है ये गलत है। इंसान इंसान होता है और भगवान भगवान होता है। ये जो कृत्य वोरा ने किया है इसके लिए उन्हें क्षमा मांगनी पड़ेगी।

Facebook Conversations