तीन तलाक देकर दूसरी शादी रचाने वाला पति चढ़ा पुलिस के हत्थे
दुर्ग जिले में तीन तलाक का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद रईस खोखर को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पकड़ने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पीड़िता रेशमा फातिमा, जो कसारीडीह की रहने वाली है, ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। रेशमा ने पुलिस को बताया कि उसका निकाह 16 नवम्बर 2023 को मोहम्मद रईस से मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। शादी में रेशमा की मां ने दहेज के तौर पर 1,07,786 रुपये नगद, सोना-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान दिया था।
शादी के बाद रेशमा अपने पति के साथ नागपुर से कसारीडीह लौट आई थी। लेकिन कुछ ही समय में रिश्तों में कड़वाहट आने लगी। पति का व्यवहार अचानक बदल गया और बेवजह झगड़े शुरू हो गए।
रेशमा ने बताया कि 18 दिसम्बर 2024 को मोहम्मद रईस ने उसे तीन बार 'तलाक' बोलकर रिश्ता तोड़ दिया। इसके बाद उसने दूसरी युवती से शादी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी सकते में आ गए।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुस्लिम विवाह अनुच्छेद की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया। जांच में सामने आया कि आरोपी भोपाल के टीपी नगर इलाके में छिपा था। पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया और विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया।

Facebook Conversations