दुर्ग। दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे 'ऑपरेशन विश्वास' के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना उतई पुलिस ने मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले एक बुलेट चालक पर कार्रवाई करते हुए ₹5,000 का चालान किया है।
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 MT 5272 का चालक अपनी बुलेट में प्रतिबंधित मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखों जैसी तेज आवाज निकाल रहा है। इससे आम लोगों को परेशानी होने के साथ-साथ ध्वनि प्रदूषण भी फैल रहा था।
सूचना का सत्यापन करने के बाद थाना उतई पुलिस ने वाहन चालक यश कुमार मंडावी (22 वर्ष), निवासी रिसाली, भिलाई की पहचान कर उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184A(4) के तहत वैधानिक कार्रवाई की। इस दौरान ₹5,000 का चालान काटा गया और भविष्य में मानक साइलेंसर का उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की सख्त समझाइश दी गई।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में इस्तगासा क्रमांक 1215/2026 दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। अभियान में थाना उतई पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन में प्रतिबंधित मोडिफाइड साइलेंसर का उपयोग न करें और यातायात नियमों का पालन करें। ध्वनि प्रदूषण फैलाने या नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
दुर्ग पुलिस की चेतावनी
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में 'ऑपरेशन विश्वास' के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विशेष रूप से मोडिफाइड साइलेंसर, स्टंटबाजी, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ बिना किसी रियायत के वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जनहित में संदेश
यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि आपकी और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। सुरक्षित वाहन चलाएं, मानक साइलेंसर का उपयोग करें और ध्वनि प्रदूषण से बचें।

Facebook Conversations