दुर्ग, 11 जुलाई। मोहन नगर एवं पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की आठ वारदातों का दुर्ग पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर करीब 32 लाख रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया है, जिसमें लगभग 168 ग्राम सोने के आभूषण, 150 ग्राम चांदी के आभूषण, दो एलईडी टीवी, एक डीवीआर, चोरी में प्रयुक्त औजार तथा दो चारपहिया और एक दोपहिया वाहन शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान चलाया गया। कई दिनों तक रात्रिकालीन पेट्रोलिंग, सघन नाकेबंदी, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की निगरानी तथा मुखबिर तंत्र की सक्रिय सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
10 जुलाई की रात पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को एक सफेद रंग की इंडिगो कार संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। वाहन रोकने का संकेत देने पर चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कार से दो एलईडी टीवी, एक डीवीआर, सब्बल, पेचकस और स्क्रूड्राइवर बरामद किए गए। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों ने मोहन नगर एवं पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में हुई आठ चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
मुख्य आरोपी अनुराग मिश्रा (41 वर्ष), निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जामुल ने पूछताछ में बताया कि वह वर्ष 2011 से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के रूप में कार्य कर रहा था और प्रतिमाह 60 से 70 हजार रुपये तक कमाता था। बाद में उसने विभिन्न ऑनलाइन लोन एप्लीकेशन से ऋण लिया, लेकिन बढ़ते ब्याज और आर्थिक दबाव के कारण उसने चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया। पुलिस इस दावे की भी विवेचना कर रही है।
जांच में सामने आया कि चोरी किए गए अधिकांश सोने के आभूषण आरोपियों ने विभिन्न फाइनेंस कंपनियों में गिरवी रख दिए थे। पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया अपनाते हुए मुथूट फाइनेंस, आईआईएफएल फाइनेंस, बजाज गोल्ड फाइनेंस सहित अन्य संस्थानों से गिरवी रखे गए आभूषण भी बरामद कर लिए।
गिरफ्तार दूसरे आरोपी की पहचान तुषार मिश्रा (40 वर्ष), निवासी कैलाश नगर, भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार चोरी से प्राप्त राशि का कुछ हिस्सा उसके बैंक खाते में भी ट्रांसफर किया गया था।
प्रारंभिक जांच में आरोपियों ने थाना मोहन नगर और पद्मनाभपुर क्षेत्र के साकेत कॉलोनी, मधुबन नगर, विराट नगर, सुंदर नगर और जगदीश विहार धनोरा सहित आठ चोरी के मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, 150 ग्राम चांदी के आभूषण, दो एलईडी टीवी, एक डीवीआर, चोरी में प्रयुक्त औजार, एक इंडिगो कार, एक फोर्ड इकोस्पोर्ट और एक एक्सेस स्कूटी बरामद की है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मकान सूना छोड़ने की स्थिति में स्थानीय पुलिस अथवा विश्वसनीय पड़ोसियों को अवश्य सूचित करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

Facebook Conversations