दुर्ग। जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रतिबंधित दिवस पर शराब बेचने की तैयारी कर रहे 3 आरोपियों को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 104 पौवा देशी शराब और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
*पहली कार्रवाई: मोहन नगर में 73 पौवा जब्त*
थाना मोहन नगर पुलिस को 4 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धमधा रोड सब्जी मंडी के पास दो युवक प्रतिबंधित दिवस पर शराब बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
आरोपियों की पहचान सुभाष ठाकुर उर्फ छोटू (21) और अजय विश्वकर्मा (23), दोनों निवासी बाम्बे आवास, उरला के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 73 पौवा रोमियो देशी शराब कीमत करीब 10,580 रुपये बरामद हुई। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 622/26 और 623/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
*दूसरी कार्रवाई: भिलाई नगर में 31 पौवा बरामद*
इसी तरह थाना भिलाई नगर पुलिस को सूचना मिली कि रुआबांधा तालाब के ऊपर एक व्यक्ति प्लास्टिक की बोरी में शराब रखकर बेच रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर रेड कर आरोपी महेश कुमार साहू उर्फ वासु साहू (20), निवासी रुआबांधा बस्ती को गिरफ्तार किया।
उसके कब्जे से 31 पौवा देशी मदिरा कुल 5.580 लीटर कीमत 2,600 रुपये और एक मोबाइल फोन कीमत 3,600 रुपये जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 497/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
*तीनों भेजे गए जेल*
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध शराब के भंडारण, बिक्री या परिवहन की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Facebook Conversations