खैरागढ़ विधानसभा चुनाव में मतदान से एक दिन पहले दिवंगत विधायक देवव्रत सिंह की पत्नी विभा सिंह सक्रिय हो गई हैं। उन्होंने अपने पति के नाम पर एक सड़क और जलाशय का नाम करने की मांग उठाई है। उनका कहना था, उनको राजनीति में आने से डर लगता है, लेकिन चुनाव के बाद वे सामाजिक कार्यों में सक्रियता बढ़ाएंगी।
सोमवार को रायपुर प्रेस क्लब पहुंची विभा सिंह ने कहा, उनके पति दिवंगत राजा देवव्रत सिंह ने खैरागढ़ क्षेत्र में किसानों के लिए बहुत से काम किए थे। उन्हीं की वजह से सिद्ध बाबा जलाशय जैसी परियोजना स्वीकृत हुई। विभा सिंह ने उस जलाशय का नामकरण देवव्रत सिंह के नाम पर करने की मांग रख्री।
उन्होंने साल्हेवारा से छुईखदान-गंडई मार्ग को देवव्रत सिंह के नाम पर करने की मांग भी रखी। दिवंगत राजा के नाम पर उन्होंने एक किसान सम्मान शुरू कराने की भी मांग की। उन्होंने कहा, अगर ऐसा होता है तो देवव्रत सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इसके माध्यम से हम लोग राजा देवव्रत सिंह को अपने आसपास महसूस कर पाएंगे।
पति चाहते थे राजनीति में आऊं
विभा सिंह ने कहा, देवव्रत सिंह से शादी के बाद उनको राजनीति में सक्रिय होने के लिए कहा गया था। लेकिन उन्होंने घर में रहना ही ठीक समझा। अब परिस्थितियां बदल गई हैं। राजा नहीं रहे तो उनके काम को आगे बढ़ाना उनकी जिम्मेदारी है। वे राजनीति में नहीं आएंगी। दिवंगत राजा के नाम पर एक संस्था बनाकर खैरागढ़ के लोगों के लिए काम करने की सोचा है। संस्था की पंजीयन की प्रक्रिया जारी है।

Facebook Conversations