छत्तीसगढ़ में मौसम साफ होते ही न्यूनतम तापमान में गिरावट
त्वरित ख़बरें - मौसम साफ, पर कई जिलों में जमी ओस की बूंदें; अमरकंटक में न्यूनतम 4 डिग्री तापमान

छत्तीसगढ़ में हवाओं की दिशा बदल चुकी है। इसकी वजह से आसमान में छाए बादल हट गए। मौसम साफ होते ही न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सामान्य न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज हुई है। इसकी वजह से बलरामपुर, अम्बिकापुर, चिल्फी घाटी, पेण्ड्रा रोड सहित कई इलाकों में ओस की बूंदे जम कर बर्फ के फाहों में बदल गईं।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक प्रदेश में अब उत्तर से शुष्क और ठंडी हवाएं आ रही हैं। इसकी वजह से मौसम बदला है। अब दिन के तापमान में दो एक तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्ध होगी। वहीं न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज होगी। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सुबह के वक्त मध्यम से घने स्तर का कोहरा छाएगा। मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक बलरामपुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा।

बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। एक दिन पहले यहां का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस था। पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह सामान्य से करीब 5 डिग्री सेल्सियस कम है। अम्बिकापुर में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस कम है। जशपुर के डुमरबहार और कोरिया में 7.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ है।

रायपुर में ऐसा रहा तापमान

रायपुर में दिन का तापमान सुहाना हो गया है। धूप की वजह से लाेगाें को राहत मिली है। लेकिन रातों में मामूली ठंड बढ़ी है। रायपुर में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह एक दिन पहले के मुकाबले एक डिग्री और सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम है। माना हवाई अड्‌डे पर 13 डिग्री सेल्सियस और कृषि विश्वविद्यालय के पास लाभांडी में 11 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ है।

पेंड्रा में न्यूनतम पारा 8 डिग्री

पेंड्रा इलाके में एक बार फिर पारा 10 डिग्री के नीचे जा पहुंचा। यहां आज न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। कड़ाके की ठंड के कारण लोग दिन में भी गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हैं। वहीं लोग अलाव ताप रहे हैं। हालांकि मौसम ने पर्यटन जरूर बढ़ा दिया है। कोरोना के बावजूद पर्यटन स्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं अमरकंटक में एक बार फिर मौसम खुलने के बाद कई जगहों पर बर्फ की चादर बिछी दिखाई दी। अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री जा पहुंचा। रामघाट, मांई की बगिया, दुर्गाधारा, कपिलधारा, सोनमुड़ा सहित कई स्थानों पर सुबह ओस की बूंदे बर्फ में तब्दील हुईं।

मैदानों में बिलासपुर-दुर्ग अधिक ठंडे

मैदानी शहरों में बिलासपुर और दुर्ग में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी कम हुआ है। बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है। दुर्ग में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह भी सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम है। जगदलपुर में 12.4 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा जो सामान्य से अधिक है। 13.7 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ बीजापुर सबसे गर्म रहा।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations