छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में SBI के पैसों का गबन करने वाला CMS का  कर्मचारी  गिरफ्तार
त्वरित ख़बरें - ATM में आधी रकम ही भरते थे; 3 पहले ही पकड़े जा चुके, एक की तलाश जारी

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में SBI के पैसों को ATM में डालने के नाम पर लाखों रुपए का गबन करने वाला CMS का चौथा कर्मचारी भी गिरफ्तार हो गया है। 2 दिन पहले इस मामले के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। मामला उजागर होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। वहीं सिटी कोतवाली के जवानों ने जगदलपुर शहर से ही मुखबिर की सूचना के अनुसार आरोपी को एक घर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से लाखों रुपए की एक लग्जरी कार, लैपटॉप, मोबाइल, स्मार्टवॉच समेत अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, सिटी कोतवाली के जवान आरोपी की तलाश में जुटे हुए थे। इस बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इस फ्रॉड मामले का चौथा आरोपी मोहम्मद मंजूर रजा शहर के ही किसी मकान में छिपकर बैठा हुआ है। जिसकी जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली के जवान फौरन उस मकान में दबिश दिए और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद जांच करने के लिए उसे उसके घर लेकर गए। पुलिस ने बताया कि बैंक के जो पैसे गबन किए थे उसमें से आरोपी ने लग्जरी कार समेत अन्य महंगे सामान खरीद अपने शौक पूरा किया था। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। फिलहाल आरोपी अभी पुलिस रिमांड में है।

मामले का 5वां आरोपी भी फरार

पुलिस इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है। जिसमें एक के बाद एक खुलासे हो रहे हैं। पूछताछ में पता चला कि लाखों रुपए के इस फ्रॉड मामले में एक 5वां आरोपी फिरोज खान भी शामिल है। वो भी फरार है। जिसकी तलाश जारी है। नगर पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार ने बताया कि, आरोपी SBI के पैसों का फ्रॉड किए हैं। फिलहाल इन्हें पुलिस रिमांड में रखा गया है। मामले में पूछताछ चल रही है। और भी खुलासे होंगे। लेकिन, अभी CMS और बैंक की तरफ से यह नहीं बताया गया है कि कुल कितने लाख रुपए का फ्रॉड हुआ है। ऑडिट का काम चल रहा है। जिसके बाद ही आगे की जानकारी लग पाएगी।

शिकायत के बाद हुई थी कार्रवाई
CMS कंपनी की तरफ से सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज करवाई गई थी कि बैंक के पैसे जो ATM में जमा करने दिए जाते हैं उनमें से आधे ही जमा हो रहे हैं। शेष राशि का गबन किया जा रहा है। इस शिकायत पर पुलिस ने एक टीम गठित की और मामले की जांच शुरू की। संदेह के आधार पर CMS कंपनी के कर्मचारियों पर निगरानी रखी गई थी। कर्मचारी योगेश यादव, कैलाश यादव एवं ललित नारायण साहू को पकड़ा गया था। इनसे पूछताछ की गई। योगेश यादव एवं कैलाश यादव दोनों CMS कंपनी के कस्टोडियन हैं। जो प्रतिदिन बैंक से निर्धारित राशि लेकर संबंधित ATM में जमा करने जाते थे।

इनमें से मुख्य आरोपी योगेश यादव उर्फ योगी संबंधित ATM में निर्धारित राशि जमा न कर अपनी मर्जी से कम राशि जमा करता था और बचे हुए की पैसे से अपने शौक पूरे करता था। बचे हुए पैसे में से कुछ कैलाश यादव एवं ऑडिटर ललित नारायण साहू को भी देता था। आरोपी योगेश यादव ने अपने शान शौकत में कई महंगे सामान खरीदना एवं उपयोग करना बताया है। साथ ही लॉखों रुपए ऑनलाइन बेटिंग में लगाकर हार गया है। पुलिस ने योगेश यादव के पास से मोबाइल फोन, लैपटाप, स्मार्ट वॉच, स्कार्पियो, हैरियर वाहन, एक दुपहिया वाहन, AC, TV आदि सामान जप्त किया गया है। साथ ही तीनों आरोपियों के पास से 8 लाख रुपए बरामद किए गए हैं।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations