छत्तीसगढ़ में कोरोना टीके की कम से एक डोज लगवा चुके लोगों की संख्या एक करोड़ 96 लाख 46 हजार 873 तक पहुंच गई है। यह तय हुए लक्ष्य का करीब 100% के बेहद करीब है। सरकार ने 18 साल से अधिक उम्र के एक करोड़ 96 लाख 51 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य तय किया था।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 12 फरवरी तक कुल एक करोड़ 52 लाख 13 हजार 187 लोगों को कोरोना टीके की दोनों डोज लगाए जा चुके थे। यानी 18 साल से अधिक उम्र के 77% लोगों को सुरक्षा कवच मिल चुका है। इधर 15 से 18 साल के 65% किशोरों को पहली डोज और 29% को दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। इस आयु वर्ग के 16 लाख 39 हजार 811 किशोरों को टीकाकरण के लिए चिन्हित किया गया था।
प्रदेश के एक हजार 231 केंद्रों पर टीकाकरण का काम रविवार को भी जारी है। 3 बजे तक 9 हजार 84 लोगों को टीका लगाया जा चुका था। टीकाकरण के कोविन पोर्टल से पता चलता है कि प्रदेश में अब तक टीके की 3 करोड़ 55 लाख 5 हजार 474 डोज लगाई जा चुकी है। टीका लगवाने वालों में एक करोड़ 77 लाख 89 हजार 440 यानी 50.10% से अधिक केवल महिलाएं हैं। वहीं छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि प्रदेश में 3 करोड़ 67 लाख 23 हजार 518 डोज लगाई जा चुकी है। इसमें 15 साल से अधिक उम्र के 2 करोड़ 7 लाख 6 हजार 578 लोगों को पहली डोज लगी है।
27 प्रतिशत लोगों को बूस्टर डोज
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 27% लोगों को कोरोना टीके का बूस्टर डोज लगाया जा चुका है। यह डोज 60 साल से अधिक उम्र के गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों, स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को लगाया जा रहा है। इस श्रेणी में 11 लाख 75 हजार 521 लोगों को चिन्हित किया गया था। अब तक 3 लाख 23 हजार 194 लोगों को तीसरी डोज लगाई जा चुकी है।

Facebook Conversations