पॉपुलर सॉन्ग 'सेनोरिटा' गाने वाले पॉप स्टार कपल शॉन मेंडेस और कैमिला कैबेलो ने अब अलग होने का फैसला कर लिया है। दोनों 2 साल से रिलेशनशिप में थे। शॉन और कैमिला ने सोशल मीडिया पर एक ज्वाइंट स्टेटमेंट जारी कर अलग होने की जानकारी फैंस को दी है। उन्होंने अब रिलेशनशिप खत्म कर अच्छे दोस्त बने रहने का फैसला किया है।
हम हमेशा सबसे अच्छे दोस्त बने रहेंगे
शॉन मेंडेस और कैमिला कैबेलो द्वारा अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शेयर किए गए ज्वाइंट स्टेटमेंट में लिखा है, "दोस्तों, हमने अपने रोमांटिक रिश्ते को खत्म करने का फैसला किया है। लेकिन, इंसानों के रूप में एक दूसरे के लिए हमारा प्यार पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है।"
ज्वाइंट स्टेटमेंट में आगे लिखा है, "हम दोनों ने अपने रिश्ते को अब बहुत अच्छे दोस्त के रूप में शुरू किया है। और हम हमेशा सबसे अच्छे दोस्त बने रहेंगे। हम शुरुआत से अब तक और आगे भी आप सभी के समर्थन की सराहना करते हैं। कैमिला और शॉन।"
शॉन-कैमिला ने 2019 में शुरू की थी डेटिंग
शॉन मेंडेस और कैमिला कैबेलो ने जुलाई 2019 में एक दूसरे को डेट करना शुरू किया था। दोनों ने साथ में एक गाना 'सेनोरिटा' गाया था, जो काफी पॉपुलर हुआ था। शॉन और कैमिला की अलग होने की अनाउंसमेंट 'हैलोवीन' से अपनी रोमांटिक फोटोज शेयर करने के कुछ दिनों बाद ही सामने आई है।
बता दें कि कैमिला 24 साल की हैं और शॉन मेंडेस 23 साल के हैं। कैमिला कैबेलो ने पहले एक इंटरव्यू में कहा था कि अपने रिश्ते को बचाए रखने के लिए हमने इसे निजी रखा था। बता दें कि कोरोनावायरस महामारी के दौरान दोनों एक साथ क्वारैंटाइन भी हुए थे।

Facebook Conversations