बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में स्वाइन फ्लू (H1N1) के 7 मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। इनमें से 2 मरीजों का इलाज शहर के अपोलो अस्पताल में जारी है, जबकि 5 मरीज स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने घर लौट चुके हैं।
अस्पताल में भर्ती मरीजों में एक 75 वर्षीय महिला भी शामिल हैं। उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है और उन्हें ICU से बाहर लाया गया है। वहीं एक 30 वर्षीय मरीज की रायपुर की ट्रैवल हिस्ट्री भी सामने आई है।
अस्पतालों में बढ़ाई गई निगरानी
स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की निगरानी बढ़ा दी है। CIMS, जिला अस्पताल और PHC-CHC स्तर पर संदिग्ध मरीजों की पहचान कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
संदिग्ध लक्षण वाले मरीजों की जांच और उपचार की व्यवस्था पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग मरीजों की स्थिति के साथ ही संक्रमण के संभावित स्रोतों की भी जानकारी जुटा रहा है।
5 मरीज स्वस्थ होकर लौटे घर
बिलासपुर में सामने आए 7 संक्रमित मरीजों में से 5 मरीज उपचार के बाद पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। वहीं अपोलो अस्पताल में भर्ती 2 मरीजों का इलाज जारी है। 75 वर्षीय महिला की हालत भी फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Facebook Conversations