बीएसपी के यूनिवर्सल रेल मिल (यूआरएम) में हाट ट्रायल के दौरान उत्पादित हेड हार्डेंड रेल पटरी में तकनीकी खामी सामने आने के बाद भारतीय रेलवे के सुझाव पर उसे दूर करने के लिए अपग्रेड किया जा रहा है। उसके बाद रेल पटरी के नए ग्रेड का नियमित उत्पादन शुरू होगा। जर्मनी से एक्सपर्ट की टीम के आने के बाद सितंबर से यूआरएम में हेड हार्डेंड रेल पटरी का हाट ट्रायल शुरू किया।
ट्रायल के दौरान उत्पादित हेड हार्डेंड रेल पटरी को जांच के लिए रेलवे के आरडीएसओ और सेल के आरडीसीआईएस रांची भेजा गया। बताया गया कि आरडीएसओ की जांच में रेल पटरी में कुछ तकनीकी खामियां मिली। इसे दूर करने के लिए संस्था ने यूआरएम की टीम को सुझाव दिए हैं। इस पर रेल मिल के एक्सपर्ट काम कर रहे हैं। इसके बाद हेड हार्डेंड रेल पटरी को दोबारा जांच के लिए आरडीएसओ भेजेंगे। वहां से हरी झंडी मिलने पर नए तरह की रेल पटरी का नियमित उत्पादन शुरू किया जा सकेगा।
जांच के लिए भेजने के बाद एक्सपर्ट जर्मनी लौटे
दूसरा लॉकडाउन खत्म होने पर जर्मनी से एक्सपर्ट की टीम सितंबर में भिलाई पहुंची। टीम ने यूआरएम में हेड हार्डेंड रेल पटरी का एक बार फिर हाट ट्रायल शुरू किया। महीने भर में उत्पाद को जांच के लिए आरडीएसओ और आरडीसीआईएस भेजे जाने के बाद एक्सपर्ट की टीम लौट गई है।
कोरोना के कारण योजना दो साल पीछे चल रही
बीएसपी में एक्सपांशन प्रोजेक्ट के तहत स्थापित यूआरएम में सामान्य रेलपांत के साथ हेड हार्डेंड रेल का भी उत्पादन होना है। नियमित उत्पादन 2019 में ही शुरू करने का था, लेकिन कोविड लॉकडाउन की वजह से जर्मनी से आने वाले एक्सपर्ट को दो बार दौरा टालना पड़ा। योजना दो साल पिछड़ गई।
रेलवे में हेड हार्डेंड रेल का इस तरह होता है उपयोग
हेड हार्डेंड रेलपांत का इस्तेमाल रेलवे ट्रैक के उस हिस्से में किया जाता है, जहां से ट्रेन को गति पकड़नी होती है या गति को धीमी करनी है। यानि इस ग्रेड की रेल पटरी का इस्तेमाल स्टेशनों के साथ-साथ उन एरिया में किया जाएगा, जहां ट्रेनों का नियमित स्टापेज होता है।
सामान्य रेलपांत से अधिक मजबूत होता है यह उत्पाद
तेजी से ट्रेन की स्पीड पकड़ने और ब्रेक लगाने की स्थिति में ट्रेन के चक्के और पटरी के बीच अधिक घर्षण होता है। जिसके कारण सामान्य रेलपांत जल्दी घिस जाती है। हेड हार्डेंड रेल पटरी सामान्य रेलपांत से अधिक मजबूत होने की वजह से घर्षण को सहने की क्षमता अपेक्षाकृत अधिक होती है। इसलिए इसकी डिमांग भी अधिक हो रही। बीएसपी में इसका उत्पादन होगा।
भारी गुड्स ट्रेन वाली रूट में भी होगा इसका इस्तेमाल
हेड हार्डेंड रेलपांत का इस्तेमाल उस रूट में भी किया जाएगा जहां भारी गुड्स ट्रेनें चलती है। क्योंकि इस रेलपांत की भार वहन क्षमता सामान्य रेल पात से अधिक है। माइंस एरिया और बंदरगाह को जोड़ने वाले रेलवे ट्रैक इसी केटेगरी में आते हैं। वहां पर हेड हार्डेंड रेलपांत का इस्तेमाल किया जाएगा।

Facebook Conversations