सोमवार को जिले के लीड शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त पीजी कॉलेज के अधिकांश क्लास रूम में सन्नाटा पसरा रहा, वजह पढ़ाई करने स्टूडेंट्स कम पहुंचे थे। बीए संकाय में एडमिशन लेने वाले 400 में से सिर्फ 15 ही पहुंचे थे। वहीं जब अर्थशास्त्र विषय की पढ़ाई शुरू हुई तो सिर्फ एक ही छात्रा उपस्थित थी। दुर्ग यूनिवर्सिटी के फरमान के बाद पीजी के पश्चात यूजी संकायों के स्टूडेंट्स की ऑफलाइन पढ़ाई शुरू हो गई है लेकिन फिलहाल यह औपचारिकता ही है क्योंकि अधिकांश स्टूडेंट्स पढ़ाई करने नहीं पहुंच रहे हैं। प्रबंधन को उम्मीद थी कि दिवाली के चलते जब 8 दिन बाद कॉलेज खुलेगा तो अधिकांश स्टूडेंट्स पहुंचेंगे लेकिन स्थिति विपरीत ही रही। हालांकि कक्षा अनुसार विषयवार टाइमिंग जारी कर स्टूडेंट्स को सूचना दी गई है लेकिन 90% स्टूडेंट्स नहीं पहुंचे। अलग-अलग दिन स्टूडेंट्स को बुलाया जा रहा है। 8 नवंबर से ऑफलाइन पढ़ाई शुरू कराने निर्देश दिए गए थे इसलिए प्रबंधन की ओर से इसी हिसाब से तैयारियां की गई थी।
पढ़ाई करने किस रूम में बैठें, भटकते रहे स्टूडेंट्स
टीम जब जिला मुख्यालय के लीड कॉलेज पहुंची तो बीए फर्स्ट ईयर में एडमिशन लेने वाले कई स्टूडेंट भटकते नजर आए, क्योंकि उन्हें यह नहीं पता था कि किस रूम में बैठना है और पढ़ाने वाले कहां पहुंचेंगे। जब तक मालूम चला तब तक हिंदी विषय की पढ़ाई के लिए जारी शेड्यूल का समय समाप्त हो चुका था।
प्रबंधन के अनुसार इस बार बीए फर्स्ट ईयर में कुल 400 स्टूडेंट्स ने एडमिशन लिए है। जिसमें 15 ने ही क्लास अटेंड किया। जिसमें 7 लड़की व 8 लड़के थे। इनमें से दो स्टूडेंट्स जल्दी चले गए। दोपहर 1.40 से 2.20 बजे तक अर्थशास्त्र की पढ़ाई हुई। जिसमें एक ही छात्रा को सहायक प्रोफेसर पढ़ाते नजर आए।
8 अतिथि व्याख्याताओं की भर्ती प्रक्रिया जारी
वर्तमान में लीड कॉलेज में 8 अतिथि व्याख्याताओं की भर्ती के लिए विभागीय प्रोसेस जारी है। यह प्रक्रिया कंपलीट होने के बाद पढ़ाई तेजी से होगी ऐसा अनुमान है। भले ही प्रबंधन की ओर से दावा किया जा रहा है कि जो स्टूडेंट्स कॉलेज नहीं पहुंच रहे हैं, वे ऑनलाइन क्लास अटेंड कर रहे हैं लेकिन कितने, इस संबंध में प्राचार्य जेके खलखो व प्रोफेसर कुछ कह नहीं पा रहे हैं। फिलहाल 4-5 सहायक प्राध्यापकों के भरोसे रेगुलर पढ़ाई हो रही है। कक्षावार टाइमिंग जारी कर दी गई है। लेकिन प्राध्यापकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित होगी। अतिथि व्याख्याताओं की नियुक्ति के बाद ही पूरी व्यवस्था सुधर पाएगी।
यह भी जानें आप
1. आवेदन करने अंतिम दिन आज- अंग्रेजी, प्राणीशास्त्र, बायो-टेक्नोलॉजी, रसायन शास्त्र, गणित, भौतिक शास्त्र, वाणिज्य, कम्प्यूटर एप्लीकेशन विषय के लिए एक-एक अतिथि व्याख्याता की भर्ती होगी। इसके लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से 9 नवंबर शाम 5 बजे तक आवेदन मंगाए गए हैं। आवेदन आने के बाद छंटनी, मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। यह प्रोसेस होने में लगभग दो सप्ताह का समय लग सकता है।
2. प्रबंधन की ओर से जारी टाइमिंग- सुबह 9.40 से 10.20 बजे, सुबह 10.20 से 11 तक, सुबह 11 से 11.40, सुबह 11.40 से दोपहर 12.20 बजे, दोपहर 12.20 से एक बजे तक अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, हिन्दी विषय की पढ़ाई होगी। जिसमें स्नातकोत्तर (कला संकाय) के स्टूडेंट्स शामिल होंगे। वहीं सुबह 10.20 से लेकर दोपहर 3.40 बजे तक अंग्रेजी, इतिहास, समाजशास्त्र, भूगोल, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, हिन्दी साहित्य, गृह विज्ञान की पढ़ाई होगी। जिसमें स्नातक (कला संकाय) के स्टूडेंट्स शामिल होंगे।

Facebook Conversations