बालोद में आज 2.50 लाख पौधों का होगा महावृक्षारोपण: ‘मोर गाँव मोर पानी’ अभियान में शामिल होने की अपील
त्वरित ख़बरें:अरुण रिपोर्टिंग

बालोद। जिले में 'मोर गाँव मोर पानी' महाअभियान के तहत गुरुवार 30 जुलाई को 2.50 लाख से अधिक पौधों के वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी ने जिलेवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल संरक्षण बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि पानी की हर बूंद अमूल्य है और जल संसाधनों के अंधाधुंध दोहन व जलवायु परिवर्तन के कारण नदियों, तालाबों तथा भूजल स्तर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। ऐसे में जल संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप संचालित इस अभियान का आयोजन कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले के सभी विकासखंडों एवं ग्राम पंचायतों में किया गया।

अभियान में महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाएं, विकसित भारत अभियान के श्रमिक, वरिष्ठ नागरिक, जनप्रतिनिधि, पंच-सरपंच, स्व-सहायता समूह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। सभी ने पौधरोपण कर हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।

सीईओ सुनील चंद्रवंशी ने कहा कि "जल ही जीवन है" केवल एक नारा नहीं, बल्कि हमारे अस्तित्व का आधार है। जब तक हर नागरिक जल बचत को अपनी दिनचर्या का हिस्सा नहीं बनाएगा, तब तक जल संकट का स्थायी समाधान संभव नहीं होगा।

उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों, गैर-सरकारी संगठनों और शैक्षणिक संस्थानों से अपने-अपने स्तर पर जल संरक्षण जागरूकता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की। जिला प्रशासन ने आमजन से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करने का आग्रह किया है, ताकि बालोद जिला पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन की दिशा में एक आदर्श उदाहरण बन सके।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations