बालोद के किसानों के लिए बड़ा अलर्ट: एग्रीस्टैक पंजीयन नहीं कराया तो धान बेचने में होगी परेशानी
त्वरित खबरें :अमित रिपोर्टिंग

बालोद। जिला प्रशासन बालोद ने जिले के सभी किसानों से एग्रीस्टैक पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीयन कराने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान एवं अन्य फसलों की बिक्री के साथ-साथ शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रत्येक किसान और प्रत्येक खाते का एग्रीस्टैक में पंजीयन जरूरी है।

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि किसानों को भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसलिए समय रहते अपना पंजीयन अवश्य करा लें। प्रशासन ने विशेष रूप से संयुक्त खाताधारकों को भी आगाह किया है कि यदि किसी एक ऋण पुस्तिका या खाते में दो, तीन या चार लोगों के नाम दर्ज हैं, तो सभी खाताधारकों का अलग-अलग एग्रीस्टैक पंजीयन कराना अनिवार्य होगा।

इसके अलावा जिन किसानों के एक ही खाते में अलग-अलग खसरा नंबर दर्ज हैं, उन्हें संबंधित सभी खसरा नंबरों पर अपना पंजीयन कराना होगा। यदि पंजीयन नहीं कराया गया तो समर्थन मूल्य पर धान और अन्य फसलों की बिक्री में परेशानी आ सकती है। साथ ही शासन की विभिन्न किसान कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने में भी दिक्कत हो सकती है।

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना एग्रीस्टैक पंजीयन पूरा करें। अधिक जानकारी के लिए किसान अपने ग्राम पंचायत, पटवारी, कृषि विभाग, सेवा सहकारी समिति या लोक सेवा केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations