रायपुर के आशुतोष देवांगन और पीयूष तिवारी नाम के दो दोस्तों की जोड़ी ने CGPSC में टॉप किया है। टॉप टेन में दोनों ही दोस्तों ने एक साथ जगह बनाई है। रायपुर के NIT कैंपस में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद बीते 3 सालों से दोनों दोस्त CGPSC की तैयारी में भी एक साथ लगे हुए थे। आशुतोष ने बताया कि इंजीनियरिंग के बाद हमें कैंपस सिलेक्शन में लाखों की सैलरी पैकेज की जॉब भी एक साथ मिली। हमले साथ में काम भी किया।
बाद में लगा कि हमें अब अफसर बनने की तैयारी करनी चाहिए, हमने एक साथ वह जॉब छोड़ी थी और अब एक साथ हुए सिलेक्शन की वजह से खुशी भी दोगुनी हो गई है। दोनों ही दोस्तों को डिप्टी कलेक्टर की पोस्ट मिली है।
पीयूष और आशुताेष।
CGPSC 2020 के नतीजों में आशुतोष को पांचवीं और उनके दोस्त पीयूष को आठवीं रैंक मिली है। आशुतोष देवांगन रायपुर के चांगोरा भाटा इलाके के रहने वाले हैं। आशुतोष ने बताया कि इंजीनियरिंग के बाद अदानी ग्रुप में उन्हें बतौर माइनिंग इंजीनियर की नौकरी मिली थी।
सरगुजा इलाके में कामकाज के दौरान एक महिला DSP अफसर के काम करने के तौर-तरीकों को देखकर आशुतोष और पीयूष दोनों ही प्रभावित हुए। तब दोनों ने CGPSC की तैयारी करने की ठान ली।आशुतोष ने माइनिंग इंजीनियर की नौकरी भी की है।
बड़ा रिस्क लिया तो मिली बड़ी कामयाबी भी
आशुतोष ने बताया कि हर महीने उन्हें 50 से 60 हजार रुपए सैलेरी मिला करती थी। इस जॉब को छोड़ना दोनों दोस्तों के लिए ही बेहद बड़े रिस्क की तरह था। क्योंकि इतनी अच्छी सैलरी की जॉब से वह परिवार की कई जरूरतों को पूरा कर सकते थे। मगर आशुतोष ने कहा कि हमने बड़ा रिस्क लिया तो हमें कामयाबी भी बड़ी मिली।
आशुतोष का परिवार।
ढाई साल से नहीं मनाई दिवाली, अब होगा जश्न
आशुतोष ने बताया कि तैयारी के सिलसिले में वह परिवार से काफी दूर हो चुके थे। किसी भी सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाते थे। ज्यादा से ज्यादा समय उन्होंने अपनी तैयारी को ही दिया । CGPSC के सिलेबस को समझते हुए इंटरनेट में मौजूद स्टडी मटेरियल से तैयारी की।
कोचिंग के एक्सपर्ट से भी सलाह लेते रहे। आशुतोष बताते हैं कि दिवाली जैसे त्योहार को भी वह सेलिब्रेट नहीं कर पाते थे। मगर इस बार दिवाली से ठीक पहले आए रिजल्ट में मिली कामयाबी की वजह से परिवार में जश्न का माहौल और भी धमाकेदार हो चुका है। आशुतोष के पिता दुर्गेश देवांगन रियल स्टेट का कामकाज देखते हैं। मां मंजू देवांगन गृहणी हैं, बहन पूजा देवांगन छत्तीसगढ़ पुलिस में आरक्षक हैं।

Facebook Conversations