अंजोरा के अपना ढाबा में जमकर तोड़फोड़ :संचालक की बेदम पिटाई
त्वरित खबरे

राजनांदगांव 23 मई 2022

हाईवे पर अंजोरा में मौजूद अपना ढाबा में उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया है। ढाबे की कुर्सी- टेबल तोड़ दिया गया, आगजनी का प्रयास हुआ और संचालकों की बेदम पिटाई की गई। पूरा विवाद एक मामूली एक्सीडेंट को लेकर शुरू हुआ। सोमनी थाना के एसआई विनोद जाटवर ने बताया कि करीब 6 बजे मोपेड सवार दो युवक दुर्ग की दिशा में जा रहे थे, तभी वे पेट्रोल पंप के पास खड़े ट्रक में जा घुसे।


तब ट्रक का चालक अपना ढाबा में चाय पीने रुका था, तभी घायल युवक कुछ लोगों के साथ ढाबे में पहुंचे और ड्राइवर से मारपीट करने लगे। ढाबा संचालक दीपक यादव और गौरव यादव ने विवाद शांत कराया। लेकिन इसके कुछ ही देर बाद ढाबे के सामने बड़ी संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई, जिन्होंने सीधे ढाबे पर हमला कर दिया।

ढाबे में जमकर तोड़फोड़ शुरू हो गई, कुर्सियां- टेबल सभी उपद्रवियों ने तोड़ डाले। आगजनी का प्रयास भी किया। इसके बाद भीड़ में मौजूद कुछ बदमाशों ने राड से संचालक दीपक के सिर पर जानलेवा वार किया, वहीं उसके छोटे भाई गौरव यादव के पेट में धारदार चाकू घोंप दिया। तोड़फोड़ के दौरान ढाबा में काम करने वाले कर्मचारियों ने आसपास के हिस्सों में छिपकर अपनी जान बचाई। इसमें भी कुछ कर्मचारियों को भीड़ में मौजूद लोगों ने पाइप व डंडों से पीटा है।

ढाबा संचालक भाई गंभीर रूप से घायल
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल ढाबा संचालक भाइयों दीपक यादव और गौरव यादव को मेडिकल कॉलेज हास्पिटल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज जारी है। उपद्रवियों ने दोनों भाईयों को पहले जमकर पीटा है। इसके बाद राड और चाकू से हमला किया है।

दोनों की हालत को गंभीर बताया जा रहा है। दोनों भाई सदमें में हैं। ढाबे के कुछ कर्मचारियों को भी प्राथमिक उपचार दिया गया है। पुलिस के पहुंचने से पहले उपद्रवी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जल्द उन्हें पकड़ने का दावा किया है।

सीसी कैमरों में कैद हुए आरोपी
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 307, 25-27 आर्म्स एक्ट सहित 427 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि ढाबे में उत्पात मचाने वाले आरोपी ढाबा, पेट्रोल पंप सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए है। साइबर सेल की टीम सभी आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। जिनकी पहचान हो चुकी है, उनकी पतासाजी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करेंगे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations