दुर्ग/त्वरित ख़बरें / दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में सूने मकान में हुई संगठित चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना ग्राम मोतीपुर की है, जहां प्रार्थी 25 जनवरी से 29 जनवरी 2026 के बीच अपने घर से बाहर गया हुआ था। वापस लौटने पर उसने पाया कि घर का मुख्य दरवाजा और अंदर के ताले टूटे हुए हैं तथा आलमारी का लॉक तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ली गई है। मामले की रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मुख्य आरोपी खिलेश दास मानिकपुरी ने अपने साथी भुनेश्वर उर्फ नानू यादव के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। वहीं, चोरी के जेवरात तीसरे आरोपी तुलेश्वर सोनकर उर्फ टिल्लू को बेचने के लिए दिए गए थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने चोरी की रकम से स्कूटी भी खरीदी थी।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लगभग 54 ग्राम सोना, 513 ग्राम चांदी, नगदी, मोबाइल फोन, चोरी की रकम से खरीदी गई स्कूटी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 8,22,480 रुपये की संपत्ति बरामद की है। इस पूरे मामले में थाना अमलेश्वर पुलिस और एसीसीयू टीम की संयुक्त कार्रवाई सराहनीय रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर को लंबे समय तक खाली छोड़ने से पहले सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Facebook Conversations