कृषि विज्ञान केन्द्र, बेमेतरा में अनुसूचित जाति उपयोजना (एससीएसपी) अन्तर्गत बैल चलित उन्नत कृषि यंत्र-उपकरण पर किसान प्रशिक्षण सह प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पशु ऊर्जा उपयोग पर अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना के तहत यह आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में बैल चलित कृषि यंत्रों व उपकरणों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही इस उन्नत तकनीक का बढ़ावा देने व प्रचार प्रसार के लिए जिले के चयनित अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को उन्नत कृषि यंत्र-उपकरण वितरित किए गए। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के प्रक्षेत्र यंत्र व शक्ति अभियांत्रिकी विभाग, पशु ऊर्जा पर आधारित अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना के प्रमुख अन्वेषक डॉ. विरेन विक्टर ने पशु चलित यंत्रों/उपकरणों की विस्तृत जानकारी दी तथा इन यंत्रों के प्रक्षेत्र पर उपयोग एवं संचालन की विधियों पर प्रकाश डाला।
खेती में आय दोगुनी करने के लिए किया गया प्रेरित
डॉ. विक्टर ने पशु चलित उपकरणों से किसानों की खेती की आमदनी में वृद्धि तथा प्रदूषण मुक्त उच्च गुणवत्ता की फसलों का उत्पादन कर अपनी आय दोगुनी करने के लिए प्रेरित किया। कृषि विज्ञान केन्द्र, बेमेतरा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. रंजीत सिंह राजपूत ने पशु चलित उपकरणों/यंत्रों पर प्रदर्शन करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम के लाभार्थी किसानों को प्रोत्साहित किया। बैल चलित कृषि यंत्रों की किसानों को जानकारी देने के बाद उन्हें यंत्र वितरित भी किए गए।

Facebook Conversations