भारत में वाहनों की बढ़ती मांग को देखते हुए जिंदल स्टील वर्ल्ड (JSW) ग्रुप ऑटोमोबाइल सेक्टर में कदम रखने जा रही है। इसके लिए JSW ग्रुप के अध्यक्ष और मैनेजिंग डायरेक्टर सज्जन जिंदल की स्वामित्व वाली एक निजी कंपनी कार मेकर MG मोटर इंडिया में 48% तक हिस्सेदारी खरीद सकती है।
द इकोनॉमिक टाइम्स (ET) की रिपोर्ट में जानकारी दी गई कि दोनों कंपनियों के बीच बात चल रही है। सज्जन जिंदल और उनके बेटे पार्थ ने गठबंधन के संबंध में SAIC नेतृत्व के साथ चर्चा करने के लिए हाल ही में चीन का दौरा किया था। कई महीनों से चल रही बातचीत में तेजी आई है, क्योंकि दोनों पक्षों के बीच डील स्ट्रक्चर पर सहमति बन गई है। हालांकि, दोनों ओर से इस बारे में ऑफिशियली कोई जानकारी नहीं दी गई है। JSW एक करोड़ टन सालाना स्टील प्रोड्यूज करने वाली भारत की पहली कंपनी है।
45-48% हिस्सेदारी भारतीयों के पास रहेगी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस इंटरप्राइस में ग्रुप की लिस्टेड कंपनियां JSW स्टील और JSW एनर्जी शामिल नहीं होंगी। MG मोटर इंडिया में जिंदल का स्वामित्व लगभग 45-48% होगा, जबकि डीलरों और भारतीय कर्मचारियों के पास 5-8% होने की संभावना है। बाकी बची हिस्सेदारी SAIC के पास होगी। MG मोटर इंडिया ब्रिटिश ब्रांड SAIC मोटर की भारतीय ब्रांच है, जिसका मुख्यालय चीन के शंघाई में है।
भारतीयों के पास टॉप मैनेजमेंट, 3-4 महीने में फाइनल होगा एग्रीमेंट
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के अनुसार, 'अगले कुछ वर्षों में भारत की लिस्टिंग के साथ ही यह कंपनी एक भारतीय इकाई बन जाएगी।' इस बदलाव के बाद कंपनी के टॉप मैनेजमेंट और बोर्ड में भारतीयों का बड़ा हिस्सा होगा। एक नए ब्रांड को भारत स्टेब्लिश करने के टारगेट के साथ दोनों पक्षों के बीच लीगल एग्रीमेंट की प्रक्रिया शुरू की गई है, जो अगले तीन से चार महीनों के अंदर पूरा हो जाएगा।
भारत में हाई-परफॉरमेंस इलेक्ट्रिक गाड़ियां बनाएगी JSW
JSW भारतीय बाजार में हाई-परफॉरमेंस इलेक्ट्रिक गाड़ियां बनाने की योजना बना रही है। जनवरी में यह जानकारी सज्जन जिंदल ने एक मीडिया हाउस से बातचीत के दौरान दी थी। कंपनी इसके लिए चाइनीज कंपनी BYD से भी हिस्सेदारी के लिए बात कर रही है।
JSW इन इलेक्ट्रिक गाड़ियों को यूरोप में भी पेश करेगी। JSW के पास मैन्युफैक्चरिंग प्लांट नहीं है, ऐसे में कई रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया जा रहा है कि कंपनी MG इंडिया प्लांट्स में इन गाड़ियों का प्रोडक्शन करेगी।

Facebook Conversations