8 दिन से नहीं आ रही फ्लाइट ,खराब मौसम की वजह से नहीं मिल रही विजिबिलिटी यात्रियों की परेशानी बढ़ी
त्वरित खबरे :

15 जुलाई 2022

छत्तीसगढ़ के बस्तर में खराब मौसम की वजह से विमान सेवा प्रभावित हो रही है। पिछले 8 दिनों से अलायंस एअर की फ्लाइट जगदलपुर में लैंड नहीं कर पा रही है। आज भी खराब मौसम के चलते फ्लाइट जगदलपुर एयरपोर्ट नहीं पहुंचेगी। गुरुवार को भी यहां हैदराबाद से फ्लाइट आई जरूर थी. लेकिन लैंडिंग से पहले विजिबिलिटी 5 हजार मीटर से घटकर 35 सौ मीटर हो गई थी। इसलिए पायलेट ने विमान को लैंड नहीं करवाया था। फ्लाइट को सीधे रायपुर रवाना किया गया था।

बताया जा रहा है कि, जब तक मौसम साफ नहीं होगा फ्लाइट लैंड करने में दिक्कतें आएंगी। एयरपोर्ट के सूत्रों ने बताया कि, मैट डिपार्टमेंट 5 हजार मीटर विजिबिलिटी मिलने के बाद ही जगदलपुर एयरपोर्ट में फ्लाइट लैंडिंग और टेकऑफ की अनुमति दे रहा है। जबकि रायपुर में 1500 विजिबिलिटी में ही लैंडिंग और टेकऑफ किया जाता है। अलायंस एअर प्रबंधन का कहना है कि, 5 हजार विजिबिलिटी वाली अनिवार्यता को जल्द से जल्द खत्म करना जरूरी है। ऐसे में बारिश और ठंड के मौसम में इस तरह की समस्या आम हो जाएगी। जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी।

आज भी नहीं आएगी फ्लाइट, लोगों की बढ़ी मुश्किलें

जगदलपुर में आज भी मौसम खराब है। विजिबिलिटी भी डाउन है। ऐसे में आज भी फ्लाइट यहां नहीं पहुंचेगी। आज नौवां दिन होगा कि बस्तर में विमान सेवा प्रभावित होगी। इधर, भारी बारिश की वजह से हैदराबाद जाने वाली सड़क पर पानी भरा हुआ है। मार्ग बंद है और अब लोगों को विमान सेवा भी नहीं मिल पा रही है। ऐसे में हालात और खराब होते जा रहे हैं। जिन लोगों की रायपुर या फिर हैदराबाद से कनेक्टिंग फ्लाइट थी, उन्हें ज्यादा दिक्कतें हो रही हैं।

सिर्फ एक फ्लाइट के भरोसे पैसेंजर

दरअसल, जगदलपुर से हैदराबाद और रायपुर के लिए अलायंस एअर की केवल एक ही फ्लाइट चलती है। इस 72 सीटर फ्लाइट की 95 प्रतिशत सीटें बुक रहती हैं। जगदलपुर-रायपुर-हैदराबाद के लिए रोजाना अनुमानित 250 पैसेंजर इसी विमान से आवाजाही करते हैं। अलायंस एअर के अलावा इंडिगो की फ्लाइट भी शुरू हुई है। लेकिन, यह फ्लाइट केवल पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों के लिए ही है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations