12/सितंबर/2022
राजनांदगांव - मानसूनी सिस्टम एक बार फिर मजबूत हो गया है। शहर में इसका असर रविवार दोपहर बाद दिखा। दोपहर बाद रिमझिम बारिश शुरू हुई, जो देर शाम तक जारी रही। इधर मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना भी जताई है।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में अवदाब का की स्थिति बनी हुई है। वहीं एक चक्रीय चक्रवात घेरा भी मजबूत स्थिति में है। इससे प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग के जारी अलर्ट में दुर्ग संभाग के जिलों में भी मध्यम से तेज बारिश के संकेत हैं। वहीं गरज चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना बनी हुई है। जिले में लंबे समय से बारिश थमी हुई थी, इससे गर्मी के साथ भारी उमस की स्थिति भी बनी हुई थी। रविवार दोपहर हुई रिमझिम बारिश ने मौसम को ठंडा किया। वहीं उमस से भी राहत मिली है।
अतिवृष्टि से नुकसान भी
इस सीजन में बारिश ने अपना कोटा पूरा कर लिया है लेकिन अनियमित हुई बारिश ने फसलों को काफी नुकसान भी पहुंचाया है। अगस्त में जिले में अति बारिश की स्थिति बनी थी, इससे सब्जी फसल पूरी तरह तबाह हो गई। सोयाबीन की फसल पर भी बुरा असर पड़ा। लगभग महीने भर बारिश थमी होने की वजह से धान की फसल पर भी कीट प्रकोप का खतरा बढ़ा हुआ है। किसानों ने बताया कि अगर दो से तीन दिन मध्यम बारिश होती है, तो यह धान के लिए फायदेमंद साबित होगा।

Facebook Conversations