दुर्ग मदर टेरेसा जोन-3 कार्यालय में पिछले लंबे समय से खराब होते पड़े 800 से ज्यादा पौधों को चंद्रा-मौर्या टाकीज के करीब रेलवे अंडर ब्रिज के किनारे फेंक दिया गया। पिछले जोन-3 कार्यालय में पड़े इन पौधों को लेकर अखबार में खबर छपी। इसके बाद स्थानीय निगम अधिकारियों के निर्देश पर इसे पौधों को उठाकर फेंक दिया गया। इसकी जानकारी जब पर्यावरण प्रेमी व सेवानिवृत्त बीएसपी कर्मी बाबूलाल वर्मा को मिली तो वे मौके पर पहुंचे और अपनी ई-रिक्शा से इनमें से 500 से ज्यादा पौधों को उठाकर अपनी रशियन कॉम्प्लेक्स स्थित नर्सरी ले गए। बाबूलाल पिछले लंबे समय से पौधे तैयार करने का काम कर रहे हैं। वे निशुल्क बांटते हैं। साथ ही जहां भी उन्हें खाली जगह मिलती है, वहां इन पौधों को लगाते हैं।
अगस्त महीने से जोन कार्यालय में पड़े थे पौधे, किसी को नहीं दिया
जानकारी के मुताबिक जुलाई से सितंबर महीने से प्रशासन के निर्देश पर वृहद स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया गया। इसके तहत ही मदर टेरेसा जोन कार्यालय में भी पौधे लाए गए। इनमें करंज, ईमली, गुलमोहर जैसे एक हजार से ज्यादा पौधे मौके पर ही पड़े रह गए। पिछले दिनों मिडिया ने इस खबर को प्रकाशित किया। इन पौधों को जोन कार्यालय से हटा दिया।
1 नवंबर 2021 की यह तस्वीर है, मदर टेरेसा जोन कार्यालय में एक किनारे ये पौधे पड़े हुए थे, इन्हें ही उठाकर अन्यत्र फेंका गया।
पर्यावरण प्रेमी बांटते हैं निशुल्क पौधे, पौधों को रोपते भी हैं
बाबू लाल बीएसपी से तीन महीने पहले ही सेवानिवृत्त हुए। वे बीएसपी में चार्जमैन के पद पर पदस्थ थे। सेवानिवृत्ति से पहले ही उन्होंने अपनी खुद की नर्सरी तैयार की है। इसमें उनका अन्य बुजुर्ग सहयोग कर रहे हैं। पर्यावरण के प्रति प्रेम को देखते हुए ही बीएसपी ने उन्हें एक ई-रिक्शा उपलब्ध कराया है। इस ई-रिक्शे के जरिए बाबूलाल घूम-घूमकर पौधरोपण भी करते हैं।
खाली जगहों पर रोपेंगे लाए पौधे
मैने फिलहाल उक्त पौधे लाए हैं, उन्हें जहां कहीं भी रिक्त जगह मिलेगी, वहां रोपा जाएगा। मैं पिछले लंबे समय से बीएसपी के सहयोग से यह कार्य कर रहा हूं। नर्सरी के जरिए लोगों को निशुल्क पौधे भी उपलब्ध करा रहा हूं।
-बाबूलाल वर्मा, पर्यावरण प्रेमी

Facebook Conversations